App

AIIMS दिल्ली: मां के गर्भ में किया शिशु के रीढ़ की हड्डी का सफल ऑपरेशन, डॉक्टरों ने 6 घंटे में रचा इतिहास

AIIMS दिल्ली में डॉक्टर्स और नर्सों की एक टीम ने मेडिकल फील्ड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हफ्ते की गर्भवी महिला के पेट में पल रहे बच्चे का ऑपरेशन किया. 6 घंटे की यह सर्जरी सफल रही.

AIIMS दिल्ली: मां के गर्भ में किया शिशु के रीढ़ की हड्डी का सफल ऑपरेशन, डॉक्टरों ने 6 घंटे में रचा इतिहास

AIIMS Delhi: दुनियाभर में भारतीय डॉक्टर्स अपनी मेहनत, अच्छी सर्विस और असाधारण प्रतिभा के लिए जाने जाते हैं. ऐसा ही एक कारनामा भारतीय डॉक्टर्स ने कर दिखाया है. दिल्ली के AIIMS हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने 25 हफ्ते की प्रेग्नेंसी में एक अजन्मे बच्चे की स्पाइनल कॉर्ड की गंभीर खराबी को ठीक करने के लिए एक सफल ओपन फीटल सर्जरी की है.    

AIIMS दिल्ली की ओर से शनिवार ( 15 नवंबर 2026) को दी गई जानकारी में बताया गया कि 12 नवंबर 2026 को किए गए इस 6 घंटे के प्रोसीजर में लंबोसेक्रल मायलोमेनिंजोसील को ठीक किया गया. यह स्पाइना बिफिडा का सबसे गंभीर रूप है. इस ऑपरेशन के दौरान भ्रूण गर्भ में ही था.  

30 से ज्यादा डॉक्टरों ने की सफल सर्जरी

हॉस्पिटल ने कहा कि यह सर्जरी 5 हफ्ते से ज्यादा समय तक मल्टीडिसिप्लिनरी प्लानिंग, डिटेल्ड फीटल इमेजिंग, काउंसलिंग, एनेस्थेटिक तैयारी और ऑपरेटिव सिमुलेशन के बाद की गई. वहीं, सर्जरी के न्यूरोसर्जिकल हिस्से को डॉक्टर दीपक गुप्ता ने लीड किया, जबकि मैटरनल फीटल मेडिसिन और ऑब्सटेट्रिक टीमों को डॉक्टर नीना मल्होत्रा ​​और डॉक्टर के अपर्णा शर्मा ने लीड किया. इस प्रोसीजर में ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी, मैटरनल फीटल मेडिसिन, न्यूरोसर्जरी, ऑब्सटेट्रिक और न्यूरोएनेस्थीसिया, प्लास्टिक सर्जरी, रेडियोडायग्नोसिस और नियोनेटोलॉजी के 30 से ज्यादा डॉक्टरों और नर्सों ने हिस्सा लिया. यह मल्टीडिसिप्लिनरी सर्जरी न्यूरोसाइंसेज सेंटर में हाई एंड माइक्रोस्कोपी और कंटीन्यूअस अल्ट्रासोनोग्राफी की मदद से की गई.

किस बीमारी को ठीक करने के लिए हुई सर्जरी?

मां और भ्रूण दोनों सर्जरी के बाद पूरी तरह स्वस्थ और स्थिर बताए जा रहे हैं. डॉक्टरों की ओर से यह सर्जरी मायेलोमेनिंगोसील नाम की एक जन्मजात गंभीर बीमारी को ठीक करने के लिए की गई. इसे स्पाइना बिफिडा का सबसे खतरनाक रूप बोला जाता है, जिसमें बच्चे की रीढ़ की हड्डी में छेद होने के चलते नसें बाहर आती हैं. इससे जन्म के बाद बच्चे के दिमाग में पानी भरने या लकवा की समस्या का खतरा रहता है. इसका ऑपरेशन आमतौर पर जन्म के बाद होता है, लेकिन गर्भ में ही इसका इलाज कर दिया जाए, तो रीढ़ की हड्डी को और ज्यादा नुकसान से बचाया जा सकता है. इससे भविष्य में बच्चे के अपने पैरों से चलने की संभावना अधिक रहती है.    

किन खतरों को रोका?

डॉक्टरों के मुताबिक, इस तरह की सर्जरी में इन्फेक्शन या वक्त से पहले प्रसव जैसे कुछ खतरे भी होते हैं. ऐसे में बेहद सावधानी से मरीज का चुनाव किया जाता है. डॉक्टरों की ओर से यह इलाज केंद्र सरकार के 'जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम' (JSSK) के तहत निशुल्क किया गया. वहीं, AIIMS अब एक खास 'फीटल केयर' प्रोग्राम भी शुरू करने की प्लानिंग कर रहा है, ताकि देश के बाकी जरूरतमंद परिवारों को भी इसका फायदा मिल सके. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shruti Kaul

Shruti Kaul

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More