App

जान पर आए आफत, तो जॉर्डन में नमाज रोकने की मिली इजाजत; मस्जिद में शख्स की मौत के बाद फतवा जारी

जॉर्डन की एक मस्जिद में शख्स की नमाज पढ़ते हुए मौत हो गई. लेकिन, वहां मौजूद बाकी लोग नमाज पढ़ते रहे और किसी ने उसकी मदद नहीं की. इस घटना के बाद अवाम में आक्रोश है. इसके बाद फतवा जारी किया गया है कि आगे से ऐसी स्थिति में नमाज रोककर मदद करनी चाहिए.

जान पर आए आफत, तो जॉर्डन में नमाज रोकने की मिली इजाजत; मस्जिद में शख्स की मौत के बाद फतवा जारी
Image Credit: जॉर्डन में शख्स की मौत के बाद फतवा जारी किया गया है.

जॉर्डन के जर्का शहर की एक मस्जिद में शुक्रवार (13 नवंबर 2026) की सुबह की नमाज के दौरान एक युवक की गिरकर मौत हो गई. शख्स की पहचान अली अबू अरब के तौर पर हुई है. सुरक्षा कैमरे के फुटेज से पता चलता है कि जब वह गिरा, तो उसके आसपास मौजूद लोग नमाज पढ़ते रहे. इस घटना ने जॉर्डन में लोगों के बीच काफी आक्रोश पैदा कर दिया है.

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए इस फुटेज में दिख रहा है कि नमाज के बीच में वह युवक जमीन पर गिर जाता है, जबकि उसके बगल में खड़े लोग अपनी नमाज जारी रखते हैं. कई लोगों के लिए, उसके पास खड़े लोगों का यह बर्ताव, युवक की मौत से भी ज्यादा चौंकाने वाला था. आलोचकों ने सवाल उठाया कि लोग अपने सामने किसी को गिरते हुए देखकर उसकी मदद करने के लिए नमाज को क्यों नहीं रोक सकते थे?

इस घटना के बाद जॉर्डन में एक धार्मिक बहस छिड़ गई कि क्या किसी व्यक्ति की जान बचाने के लिए नमाज़ बीच में रोकी जा सकती है. इसके बाद शनिवार को जॉर्डन के 'जनरल फतवा डिपार्टमेंट' ने एक खास आदेश जारी किया, जिसका टाइटल था-'किसी शख्स को खतरे या नुकसान से बचाने के लिए नमाज बीच में रोकने के संबंध में आदेश.'

 इस आदेश में साफ तौर पर कहा गया कि अगर किसी शख्स की जान खतरे में हो या उसे गंभीर नुकसान पहुंचने का डर हो, तो अपनी नमाज रोक देनी चाहिए. इसका मतलब यह नहीं है कि सभी को नमाज रोकनी होगी; केवल उतने ही लोगों को नमाज छोड़कर मदद के लिए आगे आना चाहिए, जितने उस शख्स को बचाने के लिए जरूरी हों और जो वास्तव में मदद कर सकते हों. बाकी लोग अपनी नमाज जारी रख सकते हैं.

विभाग ने इस बात पर जोर दिया कि इंसानी जान बचाना इस्लामी कानून के सबसे जरूरी सिद्धांतों में से एक है. उन्होंने कुरान की एक आयत का हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि 'इसलिए हमने बनी इसराइल (इसराइल की संतानों) के लिए यह तय किया कि जो कोई एक जान बचाता है, तो उसने मानो पूरी दुनिया को बचा लिया.'

इस आदेश में मुस्लिम विद्वान इज्ज अल-दीन इब्न अब्द अल-सलाम का भी जिक्र किया गया है, जिनका मानना ​​था कि खतरे में पड़े (जैसे डूबते हुए) लोगों को बचाना, नमाज पढ़ने से भी ज्यादा जरूरी है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More