App

कोटा में रात 2 बजे तक होगी शॉपिंग ! 250 दुकानों वाला नाइट मार्केट होगा शुरू

राजस्थान के कोचिंग हब कोटा में अब देर रात तक शॉपिंग और खानपान का लुत्फ उठाया जा सकेगा. शहर में पहली बार नाइट टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में नगर निगम दशहरा मैदान में नाइट मार्केट विकसित करने की तैयारी कर रहा है. यहां 250 से ज्यादा दुकानें लगाई जाएंगी. खास बात यह है कि बाजार सुबह 10 बजे से रात 2 बजे तक खुला रहेगा

कोटा में रात 2 बजे तक होगी शॉपिंग ! 250 दुकानों वाला नाइट मार्केट होगा शुरू
Image Credit: kota news

नगर निगम की योजना के मुताबिक, दशहरा मैदान में एक ही परिसर के भीतर अलग-अलग तरह के बाजार विकसित किए जाएंगे. इसमें सबसे ज्यादा फोकस फूड मार्केट यानी चौपाटी और मोबाइल मार्केट पर रहेगा. इसके अलावा रेडीमेड गारमेंट्स, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, फुटवियर, गिफ्ट आइटम्स और खिलौनों की दुकानें भी होंगी. इन दुकानों का आवंटन व्यापारियों को किराए पर किया जाएगा.

ट्रायल के तौर पर होगी शुरुआत, सफल रहा तो स्थायी बाजार
नगर निगम शुरुआत में इस नाइट मार्केट को ट्रायल के तौर पर संचालित करेगा. प्रयोग सफल रहने पर इसे स्थायी रूप से विकसित किया जाएगा. इसके लिए नगर निगम ने दशहरा मैदान में प्लान तैयार कर लिया है. पूरा परिसर कवर्ड होने के कारण बारिश, धूप या खराब मौसम का खरीदारी और कारोबार पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा. नगर निगम जल्द ही मोबाइल और फूड एसोसिएशन के व्यापारियों से चर्चा कर दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू करेगा.

एक ही जगह मिलेगा शॉपिंग और फूड का विकल्प
दशहरा मैदान शहर के बीचोंबीच स्थित है और इसके आसपास कई प्रमुख आवासीय क्षेत्र हैं. ऐसे में यहां नाइट मार्केट विकसित होने से लोगों को अलग-अलग बाजारों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. परिवार, युवा और कोचिंग विद्यार्थी एक ही जगह खरीदारी करने के साथ खानपान का आनंद ले सकेंगे. खासतौर पर देर शाम और रात के समय बाजार में आने वाले लोगों को व्यवस्थित माहौल और पार्किंग की सुविधा मिलने की उम्मीद है.

दूसरे शहरों में स्मारकों तक सीमित नाइट टूरिज्म, कोटा में बाजार का प्रयोग
प्रदेश के जयपुर, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ जैसे शहरों में नाइट टूरिज्म का दायरा प्रमुख रूप से स्मारकों और किलों तक सीमित है. वहीं कोटा नगर निगम व्यावसायिक नाइट मार्केट के जरिए इस अवधारणा को नए तरीके से विकसित करने का प्रयोग कर रहा है. अगर यह योजना सफल रहती है तो प्रदेश के दूसरे शहरों में भी इस तरह के बाजार विकसित करने की संभावनाएं बन सकती हैं. नगर निगम आयुक्त ओपी मेहरा के मुताबिक दुकानों को नाइट टूरिज्म के रूप में विकसित करने की योजना है. यहां फूड और मोबाइल मार्केट को एक साथ शुरू करने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए व्यापारियों से जल्द बातचीत की जाएगी.

दशहरा मेला खत्म होने के बाद भी गुलजार रहेगा मैदान
दशहरा मेले के दौरान इसी मैदान में 500 से ज्यादा दुकानें लगती हैं, लेकिन मेला समाप्त होने के बाद यह जगह खाली हो जाती है. अब नगर निगम की योजना इस परिसर को नियमित व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ने की है. दुकानों को न्यूनतम किराए और मेंटेनेंस की शर्तों पर आवंटित किया जाएगा. इससे नगर निगम को आय होगी और स्थानीय व्यापारियों व युवाओं के लिए रोजगार के मौके भी पैदा होंगे. इसके अलावा मुख्य बाजारों और सड़कों पर देर रात तक लगने वाले ठेलों और भीड़ का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है. एक ही स्थान पर पार्किंग, शॉपिंग और खानपान की सुविधा मिलने से शहर में नाइट मार्केटिंग को व्यवस्थित रूप दिया जा सकेगा.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Chetan Gurjar

Chetan Gurjar

चेतन गुर्जर , राजस्थान के टोंक जिले के गांव थड़ी से आते हैं. उन्होंने साल 2019 में जयपुर से पत्रकारिता की शुरुआत की और आज तक (Aaj Tak) के साथ अपनी सेवाएं दीं. फिर साल 2023 में उन्होंने कोटा में रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी संभाली. वे कोटा जिले की प्रमुख खबरों, अपराध, राजनीति, शिक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते रहे हैं. अक्टूबर 2026 से उन्होंने जी मीडिया (Zee Media) के साथ नई शुरुआत की है और अब कोटा में जी मीडिया के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Read More