App

एक नहीं होंगे NCP के दोनों गुट! विलय की अटकलों पर सुनेत्रा पवार ने लगाया ब्रेक, सुप्रिया बोलीं- 'अजित दादा के बाद मामला खत्म'

क्या महाराष्ट्र में एनसीपी के दोनों गुट फिर से एक होने जा रहे हैं? सियासी गलियारों में चल रही इन तमाम अटकलों पर अब दोनों ही खेमों से बड़ा बयान सामने आया है.

एक नहीं होंगे NCP के दोनों गुट! विलय की अटकलों पर सुनेत्रा पवार ने लगाया ब्रेक, सुप्रिया बोलीं- 'अजित दादा के बाद मामला खत्म'
Image Credit: एक नहीं होंगे NCP के दोनों गुट....

महाराष्ट्र में एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की अटकलों पर पूर्णविराम लगता दिख रहा है. डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने महायुति नेताओं से साफ कह दिया है कि वह दोनों गुटों के विलय के सख्त खिलाफ हैं. उधर, सुप्रिया सुले ने एक बार फिर दोहराया कि उनके भाई अजित पवार के निधन के बाद इस मुद्दे पर उनकी तरफ से भी फुल स्टॉप लग चुका है.

दरअसल, अजित पवार के निधन के बाद पार्टी की कमान संभाल रहीं सुनेत्रा पवार दोनों गुटों को एक साथ लाने के बिल्कुल मूड में नहीं हैं. सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा ने दो टूक साफ कर दिया है कि शरद पवार गुट का NDA में एक अलग (स्वतंत्र) पार्टी के तौर पर स्वागत है, लेकिन वह दोनों गुटों के आपस में मर्जर (विलय) के सख्त खिलाफ हैं.

सुनेत्रा पवार को किस बात का डर?

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि सुनेत्रा पवार को यह डर सता रहा है कि शरद पवार गुट के साथ मर्जर करने से उनके अपने गुट का वजूद खतरे में पड़ सकता है. सुनेत्रा का गुट फिलहाल फिलहाल महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना के साथ सत्ताधारी गठबंधन सरकार का हिस्सा है. सुनेत्रा पवार ने अपने सहयोगी दलों को भी साफ मैसेज दे दिया है कि अगर NCP (SP) एक अलग पार्टी के तौर पर NDA में शामिल होती है, तो उन्हें इससे कोई दिक्कत नहीं है.

अमित शाह से हो सकती है सुनेत्रा पवार की मुलाकात

सुनेत्रा पवार का यह सख्त रुख केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 16 और 17 नवंबर को होने वाले पुणे दौरे से ठीक पहले सामने आया है. माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान शाह और सुनेत्रा पवार के बीच मुलाकात हो सकती है, जिसमें विलय के मुद्दे पर चर्चा होने की संभावना है.

रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र सरकार संसद में परिसीमन (Delimitation) और महिला आरक्षण जैसे बड़े बिल पास कराने के लिए अपना नंबर गेम मजबूत करना चाहती है. इसी मकसद से वह दोनों गुटों के मर्जर को लेकर काफी दिलचस्पी दिखा रही है. इस बीच, सुनेत्रा पवार ने शनिवार को महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस से उनके घर पर करीब एक घंटे तक मीटिंग भी की. हालांकि, इस मुलाकात का असल एजेंडा क्या था, यह अभी क्लियर नहीं हो सका है.

सुप्रिया सुले ने क्या कहा?

दिल्ली में सुप्रिया सुले और विलय के समर्थक माने जाने वाले एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात के बाद इन अटकलों ने और जोर पकड़ लिया था. हालांकि, इस हफ्ते की शुरुआत में सुप्रिया सुले ने विलय की किसी भी बातचीत से इनकार किया था. सुले ने कहा था, 'विलय का कोई प्रस्ताव नहीं है और जो भी बातचीत चल रही थी, वह अजित पवार के निधन के साथ ही खत्म हो गई.' विलय में क्या अड़चन है, इस सवाल पर उन्होंने कहा था, 'इसका कोई सवाल ही नहीं उठता. जब मेरे भाई जीवित थे, तब चर्चा हुई थी और हमारी भी वैसी भावना थी. उनके जाने के बाद मामला वहीं समाप्त हो गया.'

शनिवार को सुप्रिया सुले ने एक बार फिर दोहराया है कि अब विलय को लेकर कोई बातचीत नहीं हो रही है. उन्होंने मीडिया से कहा, 'मेरे भाई (अजित पवार) के निधन के बाद हमने अपनी तरफ से इस मुद्दे पर फुल स्टॉप लगा दिया है.'

संजय राउत ने विलय की कोशिशों पर साधा निशाना

महाविकास अघाड़ी में शरद पवार की सहयोगी शिवसेना (UBT) ने बड़ा दावा किया है. पार्टी का कहना है कि शरद पवार गुट के कुछ नेता मंत्री बनने के लिए बेताब हैं और विलय के लिए लगातार दबाव डाल रहे हैं. शिवसेना (UBT) ने शरद पवार को इस संभावित कदम से सावधान रहने की सलाह भी दी है.

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने 'X' पर की गई एक पोस्ट में लिखा, 'शरद पवार की पार्टी में मुट्ठी भर लोग ऐसे हो सकते हैं जो मंत्री पद के लिए बेताब हैं. उनके लिए शरद पवार का जीवनभर निभाए गए अपने सिद्धांतों को नष्ट करना सही नहीं है. अगला सवाल यह है कि इस खेल में किसका किसमें विलय होगा. भाजपा के तलवे चाटने वाले गुट के साथ लगातार चर्चा कर महाराष्ट्र में भ्रम और संदेह का माहौल बनाना शरद पवार और राज्य की परंपराओं को शोभा नहीं देता.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More