कनॉट प्लेस की दुकानें बंद 'कराने' पर बिफरे राहुल गांधी, कहा- BJP ने जबरन शॉप बंदी करके कारोबारियों का किया नुकसान
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि बीजेपी ने इंडी गठबंधन की रैली के दौरान कनॉट प्लेस की दुकानें जबरन बंद करवा दी हैं. ऐसा करके मोदी सरकार ने व्यापारियों को बड़ा नुकसान पहुंचाया है.
इंडी गठबंधन की ओर से दिल्ली के रामलीला मैदान में हो रही'चलो दिल्ली' रैली के दौरान कनॉट प्लेस के अधिकतर दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद की हुई हैं. इन दुकानों के बंद रहने पर सियासत तेज हो गई है. विपक्षी नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर बिफरते हुए इसके लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है. राहुल गांधी ने कहा कि कहा कि बीजेपी ने जबरन दुकानें बंद करवाकर स्थानीय व्यापारियों का बड़ा नुकसान कराया है.
त्योहार के सीजन में नुकसान पहुंचाने का आरोप
सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर वीडियो मैसेज पोस्ट करके कहा कि दिवाली, छठ और भाई दूज जैसे बड़े त्योहारों का समय चल रहा है. ऐसे में उन्होंने दिल्ली आने वाले लाखों कार्यकर्ताओं से स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने की अपील की थी, जिससे छोटे कारोबारियों को फायदा पहुंचे. लेकिन जब रैली में शामिल लोग कनॉट प्लेस पहुंचे, तो वहां पर उन्हें दुकानें बंद दिखाई दीं.
ये भी पढ़ें- 'मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ', INDIA ब्लॉक की महारैली में बोले मलिक्कार्जुन खरगे
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि रैली के आर्थिक असर को लेकर बीजेपी लोगों में अफवाहें फैला रही है, जबकि असली नुकसान जबरन दुकानें बंद कराकर कराया गया है.
राहुल गांधी ने नहीं माना व्यापारियों का अनुरोध
बताते चलें कि दिल्ली के व्यापारी संगठनों ने फेस्टिवल सीजन का हवाला देते हुए इस प्रदर्शन का विरोध किया था. चेम्बर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) और फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन ने पत्र लिखकर राहुल गांधी से रैली की तारीख टालने का अनुरोध किया था.
कारोबारी संगठनों ने पत्र में लिखा था कि यह फेस्टिवल सीजन का समय है, जिसमें दिल्ली के बाजारों में साल भर की सबसे ज्यादा खरीद-बिक्री होती है. ऐसे में 1 नवंबर को रैली रखने से कारोबारियों को नुकसान के साथ ही आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. व्यापारियों ने आग्रह किया था कि वे 10 नवंबर के बाद प्रदर्शन की तारीख रखें तो उनका नुकसान बच जाएगा. हालांकि, राहुल गांधी ने व्यापारियों का अनुरोध नहीं माना और 1 नवंबर को ही रैली करने पर अड़ गए.
रामलीला मैदान में जुटे दिग्गज विपक्षी नेता
तमाम विरोध और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच इंडी गठबंधन की ओर से रविवार को रामलीला मैदान में 'चलो दिल्ली' रैली हुई. कॉन्स्टिट्यूशन क्लब से शुरू हुए इस जुलूस में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, हेमंत सोरेन, रेवंत रेड्डी और तेजस्वी यादव समेत कई बड़े नेता शामिल हुए. 'वोट बचाओ, देश बचाओ' के नारों के साथ विपक्षी नेताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कड़ा विरोध जताया. इसके साथ ही गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी रखी.