)
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा के एक इंस्टाग्राम पोस्ट पर सियासी हंगामा देखने को मिल सकता है. दरअसल, रेहान वाड्रा ने दिल्ली स्थित सांस्कृतिक केंद्र 'बिकानेर हाउस' पर सेंसरशिप लगाने के गंभीर आरोप लगाए हैं. रेहान का आरोप है कि ‘नो आइडिया इज फाइनल’ नामक प्रदर्शनी के उद्घाटन से पहले ही बिकानेर हाउस की ओर से दिल्ली प्रोटेस्ट से जुड़ी तस्वीरों को जबरन हटा दिया गया. रेहान ने कहा कि बुधवार (21 अक्टूबर) की दोपहर साढ़े 3 उनसे कहा गया कि अगर शाम 5 बजे तक तस्वीरों को नहीं हटाया, तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी. रेहान ने आरोप लगाया कि बिकानेर हाउस प्रशासन की ओर से तिरंगे की तस्वीरों को भी हटाने को कहा गया. हालांकि, रेहान ने इससे साफ इनकार कर दिया.
रेहान वाड्रा ने क्या आरोप लगाए?
रेहान ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि बीकानेर हाउस प्रबंधन ने मुझे मेरी प्रदर्शनी 'No Idea Is Final' जोकि शाम 7 बजे से शुरू होने वाली थी. प्रदर्शनी के शुरू होने से 5 घंटे पहले मैनेजमेंट की ओर से प्रदर्शित होने वाली अधिकांश तस्वीरों को हटाने के लिए मजबूर किया गया. रेहान ने कहा कि वे तस्वीरें दिल्ली में हुए युवाओं के विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी थीं, इसलिए प्रशासन को वे आपत्तिजनक सामग्री लगीं. रेहान ने कहा कि तिरंगा की दो तस्वीरें हटाने के निर्देश भी दिए गए, लेकिन मैंने उन्हें हटाने से इनकार कर दिया. रेहान वाड्रा ने कहा कि मैं कोई दूसरा स्थान खोज रहा हूं, जहां दिल्ली प्रोटेस्ट की तस्वीरों को दिखाया जा सके.
रेहान ने सेंसरशिप से की तुलना
बता दें कि रेहान वाड्रा एक विजुअल आर्टिस्ट और फोटोग्राफर हैं. वे वन्यजीवों की फोटोग्राफी भी करते हैं. बीकानेर हाउस में हुई घटना को लेकर उन्होंने मीडिया को बताया कि वहां 'No Idea Is Final' नाम से मेरी एक सोलो एग्जीबिशन लगनी थी. इसमें वन्यजीव फोटोग्राफी, अमूर्त कला और हाल ही में दिल्ली में युवाओं के प्रोटेस्ट से जुड़े फोटोग्राफ शामिल थे. रेहान ने कहा कि बीकानेर हाउस प्रशासन को प्रदर्शनी का लेआउट पहले से सौंपा जा चुका था. इसके बाद भी प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले करीब 70 तस्वीरों को हटा दिया गया. उन्होंने बताया कि 40 तस्वीरों के प्रदर्शनी जारी है. बाकी तस्वीरों को दिखाने के लिए वह कोई और जगह की तलाश कर रहे हैं. रेहान ने इस घटना को कलाकारों पर सेंसरशिप जैसा बताया.
बेटे के समर्थन में उतरीं प्रियंका गांधी
उधर, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने बेटे का समर्थन किया है. प्रियंका ने कहा कि देशभर में युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मेरे बेटे ने किसी के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की थी. उसकी तस्वीरों में किसी का विरोध नहीं था, इसके बावजूद भी उसकी तस्वीरें हटा दी गईं. प्रियंका ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बीकानेर हाउस के किसी अधिकारी को इस तरह का कार्य करने का अधिकार नहीं है. वे इस तरह की टिप्पणी करने के लिए अधिकृत नहीं है. प्रियंका ने आगे कहा कि आज मेरे बेटे के साथ हुआ है, कल किसी और युवा कलाकार के साथ होगा.
प्रियंका ने इस मामले में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कोई भी ताकतवर शख्स किसी दूसरे की अभिव्यक्ति की आजादी से डरने लगता है, तो इसका मतलब है कि वह अपनी ताकत खो चुका है. बेटे रेहान की तारीफ करते हुए प्रियंका ने कहा कि आप सच का साथ दें, खूबसूरत चीजें खुद-ब-खुद आपके पास पहुंच जाएंगी. उन्होंने आगे कहा कि मुझे आप पर गर्व है और हमेशा रहेगा.