)
देश में इस समय वोट चोरी का मुद्दा गरमाया हुआ है. विपक्ष SIR की प्रक्रिया को गलत ठहरा रहा है और चुनावों में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांग रहा है. हाल में ही दिल्ली में वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला था. अब इस मुद्दे पर आगे की रणनीति तय करने के लिए एक बार फिर इंडी गठबंधन के नेता एक अहम बैठक करने जा रहे हैं. हालांकि, ये बैठक किसी नेता के घर पर नहीं, बल्कि ऑनलाइन होगी, जिसमें विपक्षी नेता वर्चुअली जुड़ेंगे.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बैठक में विरोध प्रदर्शन की अगली रूपरेखा पर चर्चा किए जाने की संभावना है. इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी दबाव बनाने की रणनीति पर विचार किया जाएगा. बताया जाता है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे. वहीं, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडी गठबंधन की एक अहम रैली होने जा रही है. आज शाम होने वाली इस बैठक में रैली की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की संभावना है.
बता दें कि पिछले कुछ दिनों में विपक्ष ने 'वोट चोरी' के खिलाफ जारी अपने विरोध को काफी तेज किया है. पूरा विवाद चुनाव आयोग की ओर से देश के 20 से अधिक राज्यों में चलाए गए 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) से जुड़ा है. विपक्ष का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को नाम गलत तरीके से वोटर लिस्ट से हटाए गए. विपक्ष का दावा है कि ऐसा करते चुनावी परिणामों को प्रभावित किया गया है.
हाल में ही लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर चुनाव आयोग को घेरा था और तीखी प्रतिक्रिया देते हुए दावा किया था कि इस कथित गड़बड़ी के पीछे सिर्फ मुख्य चुनाव आयुक्त अकेले जिम्मेदार नहीं हैं. बता दें कि 12 अक्टूबर को राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी. राहुल गांधी ने यहां तक आरोप लगाया था कि चुनावी गड़बड़ी के इस खेल में बड़ी ताकतें हैं.
INDIA bloc leaders to meet today in the evening through video conferencing to discuss the further strategy about the CEC Row, Congress President Mallikarjun Kharge to chair the meeting: Sources
— ANI (@ANI) October 22, 2026
बता दें कि पिछले हफ्ते 'वोट चोरी' के आरोपों को लेकर विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया था. राहुल गांधी ने 13 अक्टूबर को अपने आवास पर इंडी गठंबधन के नेताओं को भी आमंत्रित किया था. बैठक के दौरान विपक्षी गठबंधन ने अपना विरोध जारी रखने और 'वोट चोरी' के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की बात कही.
गौरतलब है कि CEC ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाए जाने को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव बना हुआ है. विपक्षी नेता लगातार सीईसी को हटाए जाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, वोट चोरी और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए जवाबदेही की मांग कर रहे हैं. विपक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना आयोग की जिम्मेदारी है.
गौरतलब है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को इंडिया ब्लॉक की होने वाली मेगा रैली की तैयारी को लेकर कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने हरियाणा कांग्रेस की बड़ी बैठक इंदिरा भवन में 23 अक्टूबर को 3.30 बजे बुलाई है. बता दें कि इस बैठक में हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी,सचिव,विधायक, सांसद,जिलाध्यक्षों, पूर्व विधायक सहित वरिष्ठ नेताओं को बुलाया गया है.