App

कश्मीरियों को जेल में डालना चाहती है कांग्रेस? वंदे मातरम् विवाद पर INDIA ब्लॉक में तकरार, कांग्रेस से क्यों भिड़े उमर अब्दुल्ला

Omar Abdullah On Vande Mataram: श्रीनगर में आयोजित फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में पूरा वंदे मातरम् गाने को लेकर कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच विवाद खड़ा हो गया है. उमर अब्दुल्ला ने इसको लेकर कांग्रेस पर पलटवार किया है.

कश्मीरियों को जेल में डालना चाहती है कांग्रेस? वंदे मातरम् विवाद पर INDIA ब्लॉक में तकरार, कांग्रेस से क्यों भिड़े उमर अब्दुल्ला

Jammu-Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में पूरा वंदे मातरम् गाए जाने पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई. उसने अपने सहयोगी नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी (NC) को राष्ट्रगीत के केवल 2 श्लोकों तक ही सीमित रखने का आग्रह किया था. अब इसपर NC का पलटवार सामने आया है.

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि पूरे देश के लिए एक कानून है, जो ऑफिशियल इवेंट्स में वंदे मातरम् को पूरा गाना अनिवार्य करता है. उन्होंने कहा कि इसका पालन न करने पर कार्रवाई की जा सकती है.

'कांग्रेस कश्मीरियों को जेल में डालना चाहती है...'


उमर अब्दुल्ला ने कहा,' राष्ट्रगीत के संबंध में एक कानून बनाया गया है. वंदे मातरम् के सभी श्लोक अनिवार्य कर दिए गए हैं. यह केवल जम्मू-कश्मीर पर ही नहीं, बल्कि पूरे देश पर लागू होता है. यह देशभर में सरकारी कार्यक्रमों के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल है. इसका पालन न करने पर कार्रवाई की जाएगी.' मुख्यमंत्री ने आगे कहा,' क्या कांग्रेस चाहती है कि इस मुद्दे पर कश्मीरियों को जेल में डाल दिया जाए?' बता दें कि नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस INDIA गठबंधन में साझेदार हैं. वहीं, कांग्रेस उमर अब्दुल्ला सरकार को बाहर से भी समर्थन देती है.  

'कानूनी दायित्वों का पालन करना होगा...'


उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के समापन समारोह में राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत भी पेश किए जाएगें. उन्होंने कहा,' एक पार्टी के रूप में हमने कभी वंदे मातरम् को नहीं अपनाया है और न ही हम भविष्य में ऐसा करेंगे, लेकिन हमें कानूनी दायित्वों का पालन करना होगा.' कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने 8 सितंबर 2026 को कहा था कि वंदे मातरम का पूरा वर्जन भारत के स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों से मेल नहीं खाता. ऐसे में उन्होंने पार्टी के सहयोगियों से साल1937 में कांग्रेस की ओर से अपनाए गए राष्ट्रगीत के संस्करण का सम्मान करने का आग्रह किया था. NC ने इस सुझाव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि कांग्रेस इस मुद्दे पर गठबंधन सहयोगियों को आदेश नहीं दे सकती.

INDIA ब्लॉक में  मतभेद? 


7 सितंबर 2026 को श्रीनगर में आयोजित पहले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में उमर अब्दुल्ला और फारूक अब्दुल्ला वंदे मातरम् के पूरे गायन के दौरान खड़े रहे. इसने INDIA ब्लॉक के अंदर जारी मतभेदों को उजागर किया. वहीं, केंद्र सरकार ने इस साल की शुरुआत में यह अनिवार्य कर दिया था कि सभी सरकारी कार्यक्रमों, स्कूलों और आधिकारिक समारोहों में जन गण मन से पहले वंदे मातरम् के सभी 6 श्लोक बजाए जाने चाहिए. वहीं, भाजपा ने कांग्रेस की ओर से से वंदे मातरम् को पूरा गाने पर आपत्ति जताने की भी आलोचना की थी. भाजपा सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि वंदे मातरम् के पूरे संस्करण के गायन पर कांग्रेस की आपत्ति से यह स्पष्ट हो गया है कि वह 21वीं सदी की नई मुस्लिम लीग बन गई है. त्रिवेदी ने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस पूरी तरह से अलग-थलग पड़ गई है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shruti Kaul

Shruti Kaul

ज़ी न्यूज में सब एडिटर. वनस्थली विद्यापीठ यूनिवर्सिटी, राजस्थान से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन. ये राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मुद्दो से जुड़े विषयों पर लिखती हैं. लिखने के अलावा श्रुति को नई जगहों पर घूमना, संगीत सुनना, फिल्में देखना और फूड एक्सप्लोर करने का बेहद शौक है. 
Read More