'फिर बैठकर बात करेंगे...', शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात ने महाराष्ट्र में बढ़ाया सियासी पारा; NCP विलय की अटकलें भी बढ़ीं
एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पवार इस समय अस्पताल में भर्ती हैं. उनसे मिलने के लिए एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल पहुंचे. दोनों नेताओं की मुलाकात ने महाराष्ट्र की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है. इस मुलाकात के बाद एनसीपी के दोनों गुटों में मेल-मिलाप की अटकलें लगाई जाने लगी हैं.
महाराष्ट्र की राजनीति में इस समय हलचल मची है. माना जा रहा है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के बीच संभावित सुलह पर बात बन सकती है. ये चर्चा तब शुरू हुई, जब अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से अस्पताल में जाकर मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच घंटों बातचीत चली. इस मुलाकात के दौरान हुई बातचीत का एक का वीडियो भी सामने आया, जिससे सियासी पारा बढ़ा दिया है.
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में शरद पवार ने प्रफुल्ल पटेल से कहा कि 10 नवंबर के बाद दोनों बैठकर बातचीत करेंगे. हालांकि, दोनों नेताओं के बीच होने वाली इस बैठक का एजेंडा क्या होगा और इसकी असली वजह क्या है. यह स्पष्ट नहीं हो सका है. बता दें कि शरद पवार इस समय मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां पर उनका उपचार चल रहा है. इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने भी शरद पवार को फोन कर हाल चाल जाना था.
अस्पताल में भर्ती हैं शरद पवार
एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां पर उनका उपचार चल रहा है. सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यहीं पर एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल उनसे मुलाकात करने के लिए पहुंचे. इस दौरान पटेल ने शरद पवार का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली.
वीडियो ने बढ़ाया सियासी पारा
इस मुलाकात के दौरान का वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल है. वीडियों में दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत को सुना जा सकता है. जिसमें शरद पवार ने कहा कि वहां रहना पड़ता है, यह मुझे पता है, लेकिन कब तक रहना है, यह बताइए. इसके बाद प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि मैं 10 तारीख के बाद मुंबई में ही रहूंगा. आप बताइगा कब चर्चा करनी है. मिलकर करेंगे.
शरद पवार की टिप्पणी और वायरल वीडियो के बाद महाराष्ट्र में सियासी पारा बढ़ने लगा है. राजनीतिक गलियापों में कई प्रकार की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. ये भी चर्चा होने लगी है कि क्या आने वाले समय में एनसीपी के दोनों गुटों में मेल-मिलाप होगा. इस बीच 10 नवंबर के बाद होने वाली मुलाकात और बैठक का एजेंडा अभी सामने नहीं आया है. यही कारण है कि इस बातचीत को किसी राजनीतिक फैसले की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखना जल्दीबाजी होगी.
प्रफुल्ल पटेल ने क्या कहा?
शरद पवार से अपनी मुलाकात पर NCP नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि दो दिन पहले, थकान के कारण शरद पवार को चेक-अप के लिए पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक ले जाया गया था. इसके बाद वे मुंबई आ गए और अब उनकी तबीयत ठीक है. साल में एक-दो बार पूरा चेक-अप कराना सामान्य बात है, और इसीलिए उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पटेल ने कहा कि वे ठीक हैं. उनसे मिलकर मुझे खुशी हुई. वे काफी अच्छे मूड में थे और राजनीति, देश और राज्य में क्या चल रहा है, इसके बारे में पूछ रहे थे, क्योंकि इन सबमें उनकी दिलचस्पी रहती है. मुझे खुशी है कि एक-दो दिन में उनके सभी चेक-अप पूरे हो जाएंगे, जिसके बाद वे घर लौट आएंगे और आराम करेंगे.
पीएम मोदी ने लिया था पवार का हालचाल
बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने 2 नवंबर को एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पवार को फोन कर उनका हालचाल जाना था. शरद पवार के करीबी विट्ठल मणियार ने बताया था कि पीएम मोदी ने उनसे आराम करने और अपनी सेहत का ध्यान रखने को कहा था. मणियार ने बताया कि पीएम मोदी ने इस दौरान सुप्रिया सुले और खुद के मिलकर देश संभालने की बात भी कही थी.
यह भी पढ़ें: मुनीर के डिजिटल आतंक का पर्दाफाश: घाटी में तैयार कर रहा था जिहादी, CIK ने ध्वस्त किए मंसूबे
यह भी पढ़ें: सनक ने कराया नरसंहार! बीवी करती थी मायकेवालों से बात, पति ने घर बुलाकर पत्नी समेत 7 लोगों को उतारा मौत के घाट