)
Police on Mad Sandhu Murder Case Update: पंजाब के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और LGBTQ के पैरोकार मैड संधू की हत्या सोचे-समझे तरीके से योजना बनाकर की गई थी. पहले उनकी रेकी करके उनका डेली रूटीन जाना गया. इसके बाद पीछा करके मौका देखकर उन पर गोलियां बरसाई गईं, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई. यह दावा पंजाब पुलिस ने किया है.
अमृतसर में घटनास्थल में दौरा करने के बाद पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने मीडिया से बात की. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से ऐसा संकेत मिलता है कि हमलावरों ने साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया. इसके लिए मैड संधू की गतिविधियों पर काफी समय से नजर रखी जा रही थी.
कमिश्नर के मुताबिक, शनिवार को आरोपियों ने संधू का पीछा किया, जब वे कार-वॉशिंग पॉइंट पर पहुंचे तो बाइक सवार शूटर्स ने उन पर गोलियां बरसा दीं. इसके बाद बदमाश हथियार लहराते हुए लोहारका रोड की ओर भाग निकले.
उन्होंने बताया कि पुलिस को शूटर्स और उन्हें हायर करने वालों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं. हमलावरों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जो शूटर्स की तलाश में छापेमारी कर रही हैं. इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और खुफिया तंत्र के जरिए भी आरोपियों के बारे में क्लू जुटाए जा रहे हैं. गिल ने संकेत दिया कि पुलिस जल्द ही इस बारे में बड़े खुलासे कर सकती है.
उधर, रविवार को पोस्टमार्टर के बाद मैड संधू का शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया. गमगीन माहौल के बीच परिजनों ने संधू का अंतिम संस्कार कर दिया. इस दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस के इंतजाम किए गए थे. पुलिस के कई सीनियर अधिकारी खुद व्यवस्था देखने के लिए मौके पर मौजूद थे.
बताते चलें कि मैड संधू का नाम मधुसूदन था. वे LGBTQ कम्युनिटी से जुड़े थे और अपनी पहचान पर गर्व महसूस करते थे. वे इंस्टाग्राम समेत सोशल मीडिया पर समलैंगिकता से जुड़े वीडियोज डालते रहते थे. इसके चलते उन्हें अक्सर ट्रोलिंग और धमकियों का भी सामना करना पड़ रहा था.