App

किश्तवाड़ SPO हत्याकांड: कांग्रेस बोली- सेना ने आतंकवादी समझकर तो नहीं मार दिया? मस्जिद के इमाम पर भी लगे आरोप

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) की हत्या के बाद सियासी और सांप्रदायिक बयानबाजी तेज हो गई है. इस बीच, पुलिस ने तीन संदिग्ध आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं, जिनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर 30 लाख रुपये का इनाम रखा गया है.

किश्तवाड़ SPO हत्याकांड: कांग्रेस बोली- सेना ने आतंकवादी समझकर तो नहीं मार दिया? मस्जिद के इमाम पर भी लगे आरोप
Image Credit: शहीद हुए दोनों SOP

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की हत्या का मामला इस वक्त सुर्खियों में है. बीते बुधवार को दोनों SPO लापता हुए थे और गुरुवार सुबह उनके शव बरामद किए गए थे. इस मामले पर पॉलिटिकल ड्रामा शुरू हो गया है. एक तरफ सुरक्षा बल इसे आतंकी हमला मानकर जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, तो दूसरी तरफ नेताओं की बयानबाजी शुरू हो गई है. कांग्रेस ने शक जताया है कि शायद सेना के जवानों से पहचानने में गलती हुई और उन्होंने धोखे से गोली चला दी. वहीं, बीजेपी विधायक के मस्जिद से जुड़े बयान पर जामा मस्जिद के इमाम ने भी कड़ा जवाब दिया है.

इस मामले में कांग्रेस ने आतंकवाद और 'गलत पहचान' दोनों पहलुओं पर हाई-लेवल जांच की मांग की है. जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने आरोप लगाया है कि किश्तवाड़ के दूरदराज वाले दच्छन इलाके में मारे गए दोनों स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) को सेना ने गलती से आतंकी समझकर गोली मारी होगी, क्योंकि वे सादे कपड़ों में थे.

'सेना ने आतंकवादी समझकर तो नहीं मार दिया': तारिक हमीद कर्रा

मीडिया से बात करते हुए कर्रा ने कहा कि 'उन्होंने पार्टी के किश्तवाड़ जिला अध्यक्ष से इस घटना की पूरी जानकारी ली है. उनके मुताबिक, ये दोनों SPO अपने हथियार लेकर शिकार पर गए थे. जाते वक्त वे बिना किसी रोक-टोक के सुरक्षा चौकियों (चेकपोस्ट) से निकल गए थे, लेकिन लौटते समय उन पर फायरिंग हो गई, क्योंकि उन्होंने आम लोगों जैसे कपड़े पहने हुए थे और उन्हें गलती से आतंकवादी समझ लिया गया. कर्रा ने इसे एक बड़ी वजह बताया है. उन्होंने मांग की है कि सिर्फ भाजपा के बताए जा रहे 'आतंकी हमले' वाले एंगल को ही सच न मान लिया जाए, बल्कि सुरक्षाबलों से हुई 'गलत पहचान' की आशंका समेत सभी पहलुओं की निष्पक्ष और गहराई से जांच होनी चाहिए.

सांप्रदायिक रंग देने पर भड़के कर्रा

तारिक हमीद कर्रा ने इस घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिशों की भी कड़ी आलोचना की है. कर्रा ने किश्तवाड़ की भाजपा विधायक शगुन परिहार के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि वारवान इलाके की मस्जिदों से हिंदुओं को मारने का ऐलान किया गया था.

मस्जिद से धमकी और जानकारी लीक होने का आरोप

इस मामले में बीजेपी विधायक शगुन परिहार का आरोप है कि दोनों SPO को निशाना बनाने से पहले मस्जिद के लाउडस्पीकर से धमकी दी गई थी और आतंकियों तक उनकी गतिविधियों की जानकारी पहुंचाई गई थी.  परिहार ने अब सवाल उठाया है कि, 'जब उन्होंने वहां कहा कि 'हम मार देंगे', तो अब तक उन लोगों को पकड़ा क्यों नहीं गया? इसके बाद मस्जिद से भी ऐलान किया जाता है. कोई खुलेआम घोषणा करता है कि 'हम किसी को मार देंगे,' तो फिर अब तक उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?'

शगुन परिहार का आरोप है कि कि जिन बैठकों में स्थानीय SPOs को निशाना बनाने की प्लानिंग की गई थी, वहां से अंदरूनी जानकारी लीक की जा रही थी. परिहार ने इस पूरे मामले में सख्त जवाबदेही तय करने की मांग की है. बीजेपी विधायक ने कश्मीर में अतीत में कश्मीरी पंडितों को लेकर हुई धमकियों और अनाउंसमेंट का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करती हैं, लेकिन किसी भी धार्मिक स्थल से इस तरह की आवाज उठना गलत है. उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत है, जिसने ऑपरेशन सिंदूर किया है. आज कोई हमें डराएगा तो हम किसी की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं.

स्थानीय SPOs की तैनाती और अफसरों पर जांच की मांग

भाजपा विधायक शगुन परिहार ने इलाके में बेहतर सुरक्षा के लिए उसी गांव के 15 से 20 स्थानीय SPOs को तैनात करने की मांग की. इसके साथ ही उन्होंने उन अफसरों के खिलाफ भी जांच बैठाने को कहा, जिन्होंने कथित तौर पर बिना किसी सही आदेश के बाहरी इलाकों के SPOs की वहां ड्यूटी लगाई थी. परिहार ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन और अधिकारी अपने ही जवानों की सुरक्षा करने में नाकाम रहे हैं. उन्होंने इस पूरे मामले को उपराज्यपाल (लेफ्टिनेंट गवर्नर) के सामने उठाने की बात भी कही.

जामा मस्जिद के इमाम ने आरोपों को बताया झूठ

भाजपा विधायक के आरोपों पर पलटवार करते हुए किश्तवाड़ की जामा मस्जिद के इमाम ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया कि मस्जिद से किसी तरह का कोई ऐलान किया गया था. मस्जिद के बाहर जुटे लोगों को संबोधित करते हुए इमाम ने इस आरोप को पूरी तरह गलत और झूठ पर आधारित बताया.

उन्होंने कहा, 'मस्जिदें अल्लाह की इबादत के लिए होती हैं. यहां से अजान दी जाती है और मस्जिदें रहमत (दया) का घर होती हैं. अगर कोई कातिल भी मस्जिद में आ जाए, तो उसे वहां सजा नहीं दी जा सकती.' इमाम ने याद दिलाया कि उन्होंने हमेशा गलत कामों की निंदा की है, जिसमें अमरनाथ यात्रा पर हुआ पिछला हमला भी शामिल है और साफ कहा कि इस्लाम ऐसे किसी भी काम की इजाजत नहीं देता.

इमाम ने की जांच की मांग

किश्तवाड़ को एक संवेदनशील जिला बताते हुए इमाम ने चेतावनी दी कि इस तरह के बयान इलाके की शांति और आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंचाते हैं. उन्होंने कहा कि प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को इन हत्याओं की गहराई से जांच करनी चाहिए और दोषियों को सख्त सजा देनी चाहिए, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मस्जिद से किसी तरह का ऐलान किए जाने का दावा पूरी तरह झूठा है.

इमाम ने सवाल करते हुए कहा, 'हम किश्तवाड़ की विधायक का सम्मान करते हैं, जो इसी मिट्टी की बेटी हैं. लेकिन उनका यह कहना कि मस्जिद से कोई घोषणा की गई थी, बिल्कुल भी सही नहीं है. उन्हें साफ-साफ बताना चाहिए कि वह कौन सी मस्जिद थी और वहां से यह ऐलान किसने किया था. क्या प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां यहां मौजूद नहीं हैं? क्या उन्हें इस बारे में कुछ पता नहीं है?'

इमाम ने सुझाव दिया कि अगर गलती से ऐसी बात मुंह से निकल गई है, तो भाजपा विधायक को माफी मांग लेनी चाहिए. इमाम का कहना है कि इंसान से गलती हो सकती है, लेकिन मुख्य फोकस सांप्रदायिक सद्भाव (कम्युनल हार्मनी) बनाए रखने पर होना चाहिए. उन्होंने दोहराया कि उन्होंने हमेशा धर्म से ऊपर उठकर भाईचारे और पड़ोसियों के अधिकारों की बात की है. साथ ही, उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में दिए जाने वाले बयान किश्तवाड़ में शांति, विकास और इंसानियत को बढ़ावा दें.

विधायक के इस्तीफे की मांग, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने भी घेरा

जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (JKPCC) के प्रमुख तारिक हमीद कर्रा ने भी भाजपा विधायक शगुन परिहार के दावे को 'बेहद निंदनीय' करार दिया है. कर्रा ने साफ कहा कि अगर किसी भी मस्जिद से ऐसी कोई घोषणा होने की बात साबित नहीं होती है, तो विधायक को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए. वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने भी परिहार के बयानों की कड़ी आलोचना की है. पार्टी ने कहा कि यह जानबूझकर मस्जिदों को इस मामले में घसीटने और इलाके में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण (कम्युनल पोलराइजेशन) पैदा करने की कोशिश है.

गोलियों से छलनी शव बरामद हुए थे

गौरतलब है कि किश्तवाड़ के दच्छन इलाके में दो SPO रशपाल कुमार और बॉबी चंद के गोलियों से छलनी शव बरामद हुए थे. आधिकारिक तौर पर इन हत्याओं को एक आतंकी हमला माना जा रहा है. घटनास्थल से पाकिस्तान में बने कारतूसों के खाली खोखे मिले हैं और हमलावरों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इस हत्याकांड के बाद मस्जिद से कथित धमकी और आतंकियों तक सूचना पहुंचाने के भाजपा विधायक के आरोपों पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है.

शहीद हुए दोनों स्पेशल पुलिस ऑफिसर के मामले में पुलिस ने तीन आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं. उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 30 लाख का इनाम मिलेगा. पोस्टर में मोहम्मद अमीन उर्फ जहांगीर, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदस्सिर हुसैन के नाम और तस्वीरें दी गई हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Khalid Hussain

Khalid Hussain

सैयद खालिद हुसैन जम्मू-कश्मीर के एक पुरस्कार विजेता पत्रकार हैं, जिन्हें 24 वर्षों से अधिक का अनुभव है. साल 2014 से 'ज़ी न्यूज़' में चीफ  स्पेशल कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम कर रहे हैं.जी मीडिया से पहले हुसैन ने न्यूज़ 18 में नौ साल तक सीनियर कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम किया. हुसैन ने अपने करियर की शुरुआत डीडी न्यूज से की थी. हुसैन ने अपनी तालीम श्रीनगर के पब्लिक स्कूल और डीएवी हाई स्कूल से हासिल की. फिर ग्रेजुएशन तक का सफ़र एस.पी हायर सेकेंडरी स्कूल और अमर सिंह कॉलेज से पूरा किया. उसके बाद मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के लिए दिल्ली के सर अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से पूरी की. इसके अलावा हुसैन लेखक फ़िल्म/ वीडियो कैमरा का स्पेशल कोर्स एफटीआई पुणे से कर चुके हैं.  मुंबई और दिल्ली में कई साल काम करने के बाद 2004 में उन्होंने जम्मू-कश्मीर में काम करना शुरू किया. डीडी न्यूज़, डीडी कश्मीर, BAG फ़िल्म्स में फ्रीलांस काम किया. हुसैन पिछले दो दशक से भी ज्यादा समय से जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई मुद्दों को बेहतरीन तरीके से कवर कर रहे हैं. लद्दाख से लेकर मुंबई तक हुसैन भारत के कई शहरों से रिपोर्टिंग कर चुके हैं.
Read More