)
पटना में पहली बार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर संध्या अर्घ्य के पावन अवसर पर लेजर शो का आयोजन किया गया. सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जेपी गोलंबर पर यह आयोजन किया गया. छठ महापर्व के अवसर पर घाटों पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस अद्भुत लेजर शो का आनंद लिया. वहीं, आस्था और सूर्योपासना के महापर्व के तीसरे दिन विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला. इसी क्रम में असरगंज नगर पंचायत के जलालाबाद लाठ पोखर घाट पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पिता और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. उन्होंने कहा कि छठ पूरे देश का पर्व है, लेकिन बिहार में इसका विशेष महत्व है. यहां घर-घर में यह महापर्व मनाया जाता है.
शकुनी चौधरी ने कहा कि छठ आस्था का पर्व है और इसमें डूबते तथा उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है. सूर्य देवता प्रतिदिन उदय और अस्त होते हैं तथा उनकी कृपा गरीब-अमीर सभी पर बनी रहती है. वे हर दिन पूरी दुनिया को प्रकाश देते हैं और अंधकार दूर करते हैं. इसलिए सभी लोगों को उनकी विशेष रूप से पूजा करनी चाहिए. उन्होंने छठ महापर्व को प्रकृति की सबसे बड़ी पूजा बताते हुए इसकी महत्ता पर प्रकाश डाला. वहीं, लोक आस्था के महापर्व के अवसर पर बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल किशनगंज शहर के धर्मगंज मोहल्ले स्थित छठ घाट पहुंचे और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. उन्होंने देशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं और छठी मैया से विकसित भारत के सपने को पूरा करने तथा देश को समृद्ध बनाने की प्रार्थना की.
मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने महाराष्ट्र में छठ गीत को लेकर हुए विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि वह मानसिक दिवालियापन और पागलपन के शिकार हो चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज ठाकरे को छठ पूजा से नहीं, बल्कि भोजपुरी भाषा से विरोध है. मंत्री ने कहा कि आस्था के विषय पर गलत तरीके से बयानबाजी करना किसी अच्छे इंसान को शोभा नहीं देता. उधर, हाजीपुर के ऐतिहासिक कोनहारा घाट पर भी छठ महापर्व के अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय अपने घर से सिर पर दउरा लेकर घाट पहुंचे और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. इस दौरान उन्होंने छठी मैया की आराधना की और श्रद्धालुओं के साथ पर्व में शामिल हुए.
अर्घ्य देने के बाद नित्यानंद राय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि छठ महापर्व प्रकृति, लोक आस्था, भक्ति, विश्वास और प्रेम का पर्व है. इसमें श्रद्धालु छठी मैया और भगवान भास्कर की आराधना करते हैं तथा एक-दूसरे के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं. उन्होंने छठी मैया से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद देने की प्रार्थना भी की, ताकि वे स्वामी विवेकानंद के उस सपने को साकार कर सकें, जिसमें 21वीं सदी को भारत की सदी बताया गया था. उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 140 करोड़ देशवासियों ने लिया है. छठी मैया और भगवान भास्कर इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री और देशवासियों को शक्ति प्रदान करें. अंत में उन्होंने पूरे भारत, बिहार और दुनिया भर में छठी मैया तथा भगवान भास्कर के भक्तों के सुखमय जीवन, शांति और समृद्धि की कामना की.
रिपोर्ट: जी मीडिया