)
किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के बयान पर सियासी विवाद बढ़ गया है. कर्रा ने दावा किया था कि दोनों SPO शिकार के लिए गए थे और लौटते समय संभव है कि सुरक्षाबलों ने उन्हें आतंकवादी समझकर गोली मार दी हो, जिसकी भी जांच होनी चाहिए. अब कर्रा के इसी बयान को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष अरुण प्रभात ने कहा कि जिन SPO ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया, उनकी शहादत पर इस तरह सवाल उठाना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
अरुण प्रभात ने कांग्रेस पार्टी पर आतंकवाद और पाकिस्तान के प्रति नरम रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए था, न कि उनकी शहादत पर ही सवाल खड़े करने चाहिए.
वहीं बीजेपी प्रवक्ता डॉ. प्रदीप महोत्रा ने भी कर्रा के बयान की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह के बयान से सुरक्षाबलों और शहीदों के सम्मान को ठेस पहुंचती है. बीजेपी के अन्य नेताओं का कहना है कि पूरे मामले की जांच एजेंसियां कर रही हैं और जांच के निष्कर्ष सामने आने से पहले सेना पर सवाल उठाना उचित नहीं है.
कर्रा के बयान पर बीजेपी इसलिए भड़की हुई है क्योंकि अधिकारियों ने बताया था कि दोनों SPO ड्यूटी पर थे और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप से जुड़े थे. यानी वो शिकार से लौट नहीं रहे थे, ड्यूटी पर जा रहे थे. दोनों एसपीओ रशपाल कुमार और बॉबी चंद धरना-मरवाह क्षेत्र में सेना की एक पोस्ट पर तैनात जवानों को रिलीव करके खुद ड्यूटी संभालने जा रहे थे. अचानक वो लापता हो गए थे. शुरुआत में उनके फोन चालू थे और संपर्क हो रहा था, लेकिन बाद में उनके फोन स्विच ऑफ हो गए थे.
प्रशासन और सुरक्षा बलों का मानना है कि इलाके में घात लगाकर बैठे आतंकवादियों ने उन पर हमला किया और हत्या के बाद उनके हथियार (इंसास रायफल और .303 राइफल) लेकर फरार हो गए.
इस बीच, पुलिस ने तीन संदिग्ध आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं, जिनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर 30 लाख रुपये का इनाम रखा गया है. इस मामले में बीजेपी विधायक शगुन परिहार का आरोप है कि दोनों SPO को निशाना बनाने से पहले धमकी दी गई थी.