कार का कहर: कौन थे तीन छात्र, जिन्हें कोच्चि में रईसजादे ने मिनी कूपर से मारी टक्कर; 200 की रफ्तार से चलाता था गाड़ी
केरलम की सड़क पर एक रईसजादे के बेटे का कहर देखने को मिला है. एक 19 साल के लड़के ने अपनी मिनी कूपर कार से तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें उनकी मौत हो गई. पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपी घटना के दौरान नशे में था.
केरलम के कोच्चि से एक ऐसे हादसे की तस्वीर सामने आई है, जिसने लोगों को डरा दिया. कोच्चि एयरपोर्ट के पास एक 19 साल के लड़के ने अपनी तेज रफ्तार मिनी कूपर कार से स्कूटी सवार को टक्कर मार दी. इस हादसे में स्कूटर पर सवार तीन लोगों की जान चली गई. हादसे के दौरान कार इतनी तेज रफ्तार में थी, जिसको कंट्रोल कर पाना मुश्किल था. मिनी कूपर की टक्कर में स्कूटर सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई. बताया जाता है कि ये तीनों चाय पीने के लिए बाहर निकले थे.
सबसे हैरान करने वाली बात है कि हादसे के बाद आरोपी का रवैया ऐसा था, जिसने लोगों को दंग कर दिया. नशे की धुत में होने के बावजूद उसने चश्मदीदों से कहा कि मेरे पापा मामले को संभाल लेंगे, वह कुछ नहीं होने देंगे. बताया जा रहा है कि वाहन चलाने वाला लड़का नशे की धुत में था.
कौन थे कार की टक्कर से मरने वाले छात्र?
घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची मामले की जांच में जुट गई. मृतकों की पहचान इयास, देविका औप गोपिका के तौर पर हुई है. पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की औसत उम्र 21 साल के करीब थी. सभी थ्रिक्काकारा के एक कॉलेज में पढ़ाई करते थे. पढ़ाई के साथ-साथ वह एयरपोर्ट के पास एक शोरूम में पार्ट-टाइम सेल्सपर्सन का काम भी किया करते थे. पुलिस ने बताया कि जिस दौरान हादसा हुआ, स्कूटर को इयास चला रहा था. वहीं, अन्य दोनों पीछे बैठे थे. टक्कर के बाद तीनों दूर जा गिरे.
जन्मदिन पर गिफ्ट में मिली थी कार
आरोपी की पहचान सुहैल सजीव के तौर पर हुई है. वह मिनी कूपर को तेज रफ्तार में चला रहा था. दावा किया गया है कि इस दौरान आरोपी नशे में धुत था. सजीव को यह कार उसकी मां ने जन्मदिन पर दी थी.पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपी की मां कोच्चि और अलाप्पुझा में एक मशहूर डिजाइन स्टूडियो चलाती हैं. अपने बेटे के कार गिफ्ट करने का उनका पुराना वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
आरोपी ने कहा- मैंने क्या गलती कर दी?
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुहैल पहले से ही खतरनाक तरीके से कार चलता रहा है. रविवार को हादसे के वक्त उसकी कार की रफ्तार करीब 125 किलोमीटर प्रति घंटे थी. हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों ने सुहैल को पकड़ा, तो उसने उल्टा सवाल किया कि यह एयरपोर्ट रोड है, यहां पर गाड़ी तेज चलाने में क्या बुराई है. इसके बाद लोगों ने सुहैल को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने शुरुआती जांच में पाया कि वह शराब के नशे में था.
सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी शेयर
पुलिस ने जांच के दौरान सोहैल के इंस्टाग्राम अकाउंट पर नजर डाली, तो पता चला कि उसने कई ऐसी रील्स शेयर की हैं, जिसमें वह 200 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से कार चलाता नजर आ रहा है. हाल में ही उसने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें देखा गया कि वह 128 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से कार चला रहा है.
तीन बार मामला दर्ज करने का आदेश
गौर करने वाली बात है कि केरलम में शराब खरीदने के न्यूनतम उम्र 23 साल है, जबकि आरोपी की उम्र केवल 19 साल है. पुलिस ने पूछताछ में उसने बताया कि शनिवार रात को उसने तीन अलग-अलग बार शराब पी थी. ऐसे में राज्य के आबकारी मंत्री एम लिजू ने उन तीनों बार के खिलाफ केस दर्ज करने को कहा है.
कई धाराओं में मामला दर्ज
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी सुहैल को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिका (BNS) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसके अलावा कई अन्य मामलों में भी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
इस घटना के बाद आरोपी के अहंकार के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है. थ्रिक्काकारा से कांग्रे विधायक उमा थॉमस ने तीनों मृतक युवाओं को श्रद्धांजलि दी. इसके साथ ही उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की. उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाना उनकी पहली प्रथमिकता होगी.
यह भी पढ़ें: प्रेमी की दरिंदगी, छीन ली GF की जिंदगी; शादी कहीं और तय हुई तो प्रेमिका को 1000 फीट खाई में फेंका!
यह भी पढ़ें: 'लव जिहाद से सावधान': गैर-हिंदुओं की एंट्री पर बैन! राजकोट में गरबा पंडालों के बाहर लगे विवादित पोस्टर