SPO के हत्यारों की तलाश तेज: 3 खूंखार आतंकियों की तस्वीर जारी, सिर पर 30 लाख का इनाम
SPO ऋषिपाल और बॉबी चंद की हत्या मामले में पुलिस ने तीनों आतंकियों की तस्वीर जारी की है. ये तीनों आतंकी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े बताए जा रहे हैं. पुलिस ने स्थानीय लोगों से इनकी जानकारी देने की अपील की है.
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने किश्तवाड़ जिले में 2 स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की हत्यारों की तलाश तेज कर दी है. पुलिस ने इस हत्याकांड में तीन खूंखार आतंकियों के शामिल होने की आशंका जताई है. पुलिस के अनुसार, जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी जहांगीर सरूरी, रियाज अहमद हजारी और मुद्दसर हुसैन ने घाटी में दहशत फैलाने के लिए SPO ऋषिपाल और बॉबी चंद का अपहरण किया और फिर निर्ममता से हत्या कर दी. पुलिस ने इन तीनों आतंकियों की तस्वीर जारी करते हुए इनके सिर पर 30 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है.
पुलिस ने जनता से मांगा सहयोग
पुलिस के मुताबिक, आतंकी जहांगीर सरूरी किश्तवाड़ इलाके का सबसे खतरनाक आतंकी है. इसका ओवरग्राउंड नेटवर्क इतना फैला हुआ है कि सुरक्षाबलों के हर आपरेशन से यह बच निकलता है. पुलिस ने स्थानीय लोगों से इन आतंकियों की जानकारी देने की अपील की है. जनता से सहयोग मांगते हुए पुलिस ने किश्तवाड़ के सभी शहरी और पहाड़ी इलाकों में इन तीनों आतंकियों के पोस्टर लगा रखे हैं.
किश्तवाड़ में फिर आतंक का साया
बता दें कि संवेदनशील किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों ने इसी साल फरवरी महीने में 'ऑपरेशन क्लीन' चलाते हुए पाकिस्तानी आतंकी सैफुल्लाह समेत सात आतंकवादियों को मार गिराया था. इसके बाद से अबतक इलाके में शांति देखी जा रही थी, लेकिन अब 2 एसपीओ की हत्या से यहां आतंकियों की मौजूदगी फिर से उजागर हुई है. जानकारी के मुताबिक, शहीद होने वाले दोनों एसपीओ लंबे समय से किश्तवाड़ के ऊपरी इलाकों में सक्रिय आतंकी जहांगीर सरूरी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. सुरक्षाबलों को आशंका है कि जहांगीर सरूरी को अपने नेटवर्क से इनकी भनक लग गई होगी और उसने दोनों की निर्मम हत्या कर दी.
SOG का हिस्सा थे दोनों SPO
शहीद किए गए दोनों SPO ऋषिपाल और बॉबी चंद स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी SOG का हिस्सा थे. वे कियार दच्छन से अपर रिज देहरना के इंदरवन इलाके में बसनान में तैनात आर्मी की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की एक टीम को रिलीव करने जा रहे थे, लेकिन वे अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे थे. काफी तलाश के बाद दोनों के शव जंगल के अंदर मिले. दोनों के शवों में गोलियां लगी मिली हैं. अधिकारियों के अनुसार, मारे गए पुलिसकर्मियों के सर्विस हथियार नहीं मिले हैं.
CRPF जवानों के हमलावर की तलाश जारी
उधर, कुलगाम में चेकप्वाइंट पर तैनात सीआरपीएफ जवानों पर हमला करने वाले आतंकियों की तलाश तेज हो गई है. सुरक्षाबल के जवान अब गांव-गांव में हमलावरों की तलाश कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, इस हमले के तीन दिन बाद अब सुरक्षाबल के जवान ग्रामीण इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. हर आने-जाने वाले वाहन की सघन तलाशी ली जा रही है.
रिपोर्ट- साहिल केरनी
खबर अपडेट हो रही है...