)
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने छठ पूजा की तैयारियों को लेकर बड़ा बयान देते हुए सरकारों और पुलिस-प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाया है. यूपी चुनाव में चंद्रशेखर की पार्टी के साथ गठबंधन के अलावा तमाम ज्वलंत मुद्दों पर बेबाकी से बोलते हुए वारिस पठान ने मुंबई के रेलवे स्टेशन पर हुए विवाद पर खुलकर राय रखी. वारिस पठान ने कहा, 'किसी भी त्योहार को विवाद का विषय नहीं बनाना चाहिए. संविधान सभी के लिए समान अधिकार देता है. कहीं स्टेशन पर पूजा-पाठ से जुड़े गीत सुनाई दे रहे हैं, तो कुछ और हो रहा है. कहीं नदियों की सफाई हो रही है, तीन दिन का आयोजन है, लेकिन मैं अगर वहीं-कहीं बस दो मिनट के लिए नमाज पढ़ता तो मुझे सीधा जेल भेज देते.'
पठान ने आगे कहा, 'मै किसी की आस्था पर सवाल नहीं उठा रहा, मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि सबको पता होना चाहिए कि एक के साथ कैसा और दूसरे के साथ कैसा व्यवहार हो रहा है.'
उन्होंने प्रशासन पर भी निशाना साधते हुए सभी धर्मों के लोगों को एक जैसा व्यवहार करने की मांग की है.
पठान ने यूपी चुनान को लेकर हुए गठबंधन को गेमचेंजर बताते हुए कहा, 'तथाकथित सेक्यूलर पार्टियां कुछ नहीं कर पाईं. अब हमारा मोर्चा बदलाव लाएगा. यूपी में हमे कामयाबी मिलेगी. बीजेपी को रोकने को लिए हम पूरी तरह तैयार है. जो भी चाहता है बीजेपी को हराना है, उन सबका हमारे मोर्चा में स्वागत है.'
पठान ने बिहार चुनाव के नतीजे आने के बाद क्या हुआ था, उस पर भी तंज कसते हुए कहा कि हम बराबरी की बात करते हैं. इसलिए कुछ लोग हमें पसंद नहीं करते, लेकिन खुद को यूपी में बड़ी ताकत मानने वालों की हालत भी अंदर से पतली है. तेजस्वी से हमने बहुत कम सीटें मांगी थी. वो नहीं माने और कम सीटों पर सिमट गए. यूपी में भी यही होगा, हमारी बात नहीं मानी गई तो 2027 में कुछ लोग 27 सीटों पर सिमट जाएंगे.'
छठ के पर्व के मौके पर रेलवे स्टेशनों में बजने वाले गीतों पर उद्धव ठाकरे की शिवसेना के नेताओं के सवाल खड़े करने के बाद सेंट्रल रेलवे का बयान सामने आया. रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि अलग-अलग मौकों पर स्टेशनों पर खास विषयों से जुड़े जिंगल और जागरूकता संदेश बजाए जाते हैं. खासकर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस जैसे कुछ स्टेशनों पर, जहां से त्योहार की भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, छठ पूजा से जुड़े गाने बजाए जा रहे हैं.'
उन्होंने ये भी कहा कि ये गीत यात्रियों के लिए जरूरी सूचनाएं देने के अलावा, बचे हुए खाली समय में बजाए जाते हैं. ऐसे गीत और सामाजिक संदेश केवल तभी प्रसारित किए जाते हैं, जब यात्रियों के लिए जरूरी घोषणाएं करने के बाद समय बचता है.