)
कर्नाटक मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बीजेपी के उन आरोपों को सिरे से नकार दिया है, जिसमें राहुल गांधी की ओर से उन्हें धक्का देने का दावा किया गया था. मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि बीजेपी भ्रम फैला रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें धक्का नहीं दिया, बल्कि भीड़ ज्यादा होने के कारण मेरे प्रति चिंता दिखाते हुए मुझे पीछे चल रही गाड़ी में बैठने की सलाह दी थी. दरअसल, यह पूरा वाकया 12 अक्टूबर को इंडिया ब्लॉक के 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' से जुड़ा हुआ है. बीजेपी ने इस मार्च का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था. वीडियो में राहुल गांधी अपने साथ चल रहे डीके शिककुमार को पीछे धकेलते हुए दिख रहे हैं. बीजेपी ने इसे सीएम डीके शिवकुमार के साथ-साथ पूरे कर्नाटक का अपमान बताया है.
हिमंता बिस्वा सरमा ने अपना अनुभव बताया
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस वीडियो की आलोचना करते हुए पूछा था कि क्या कर्नाटक के मुख्यमंत्री इस व्यवहार को स्वीकार करेंगे? उन्होंने इस घटना की तुलना अपने पुराने अनुभव से भी की. हिमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया कि राहुल गांधी अपनी पार्टी के नेताओं के साथ ऐसा ही व्यवहार करते हैं.
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि 2015 में उन्होंने एक स्वाभिमानी असमिया होने के नाते अपमान सहने से इनकार कर दिया था. असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि डीके शिवकुमार केवल एक व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री हैं. उनका अपमान पूरे कर्नाटक का अपमान है.
BJP को डीके शिवकुमार का जवाब
बंगलूरू दक्षिण से बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी इस वीडियो की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि अगर किसी को पीढ़ियों से विशेषाधिकार विरासत में मिले, तो उसके चेहरे पर इसी तरह का अहंकार दिखाई देता है. उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन कर्नाटक के मुख्यमंत्री का अपमान, राज्य के सात करोड़ लोगों के सम्मान से जुड़ा है.
हालांकि, अब खुद मुख्यंत्री डीके शिवकुमार ने इन आरोपों का खंडन कर दिया है. डीके शिवकुमार ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए एक्स पर लिखा कि हमारी लड़ाई लोकतंत्र के लिए है, ध्यान भटकाने के लिए नहीं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को मेरी सुरक्षा की चिंता थी.