'इस शैतान को सजा मिलेगी', त्रिपुरा के युवक से दिल्ली में बदसलूकी पर भड़के किरेन रिजिजू; इन्फ्लुएंसर की लगा दी क्लास
दिल्ली के एक कंटेंट क्रिएटर ने शर्मनाक हरकत की है. आमिर शौकीन के इन्फ्लुएंसर ने त्रिपुरा के रहने वाले एक युवक के साथ नस्लभेदी दुर्व्यवहार किया. इस घटना पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने नाराजगी जताई है.
कई बार सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो सामने आते हैं, जो नफरत को बढ़ावा देते हैं. कुछ ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसने लोगों को गुस्से में ला दिया. दिल्ली के एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की शर्मनाक हतकतों का वीडियो सामने आया है. बताया जाता है कि इन्फ्लुएंसर की पहचान आमिर शौकीन के तौर पर हुई है. इसने त्रिपुरा के एक व्यक्ति के साथ नस्लभेदी दुर्व्यवहार किया.
दरअसल, घटना का वीडियो सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी नाराजगी जताई और तीखी प्रतिक्रिया दी. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसी भी स्थिति में ये हरकत बर्दाश्त नहीं की जा सकती. उन्होंने इन हरकतों को आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि इन्फ्लुएंसर को सजा मिलकर ही रहेगी. इस मामले में कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और मामला दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट को भेजा जा रहा है.
इन्फ्लुएंसर की शर्मनाक हरकत
पूरा विवाद एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें दिल्ली का रहने वाला कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन नजर आ रहा है. अपने वीडियो में वह त्रिपुरा के रहने वाले एक युवक के खिलाफ काफी आपत्तिजनक शब्दों की इस्तेमाल कर रहा है. कंटेंट क्रिएटर ने त्रिपुरा के इस युवक पर नस्लीय और भद्दी टिप्पणी की. जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर फैला, पूर्वोत्तर भारत के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में इस घटना की कड़ी आलोचना की जा रही है.
लोग आरोपी की जल्द से जल्द पकड़ने की अपील कर रहे हैं. इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई है. त्रिपुरा के दो संगठनों 'यूथ टिपरा फेडरेशन' (YTF) और 'टिपरा इंडिजिनस स्टूडेंट्स फेडरेशन' ने कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन के खिलाफ अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई हैं. इधर, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भले ही शिकायत देर से दर्ज हुई है, लेकिन आरोपी को सख्त सजा दी जानी चाहिए.
किरेन रिजिजू का फूटा गुस्सा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आमिर शौकीन के इस वीडियो को शेयर किया है. केंद्रीय मंत्री ने आरोपी को बुरा व्यक्ति (दुष्ट) कहा है. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इस इंसान को हर हाल में सजा दी जाएगी. अपने पोस्ट में रिजिजू ने कहा कि मामले में आधिकारिक शिकायत दर्ज होने में थोड़ी देरी जरूर हुई, लेकिन उन्होंने साफ किया कि आरोपी बच नहीं पाएगा.
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस मिलकर काम करेंगी. दोनों राज्यों की पुलिस इश आरोपी को एक कड़ा सबक सिखाएगी. इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने समाज को भी एक खास संदेश दिया और कहा कि समाज इस दुष्ट व्यक्ति को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा. जो भी लोग ऐसी हरकतें करते हैं, वह समाज में नफरत फैलाने के लिए जिम्मेदार हैं.
फरार है आमिर शौकीन
त्रिपुरा के युवक पर नस्लभेद टिप्पणी करने के बाद इन्फ्लुएंसर आमिर शौकीन की मुश्किलें बढ़ती जा रही है.दो राज्यों की पुलिस उसकी तलाश कर रही है, लेकिन शौकीन फरार है. इस बीच आमिर के रिश्तेदार और भाई ने गंभीर आरोप लगाए हैं. आमिर के भाई का कहना है कि शौकीन आपराधिक किस्म का आदमी है और वह वीडियो बनाकर लोगों को ब्लैकमेल करता है. इसी कारण उससे कोई बात नहीं करता है. आमिर शौकीन के बड़े भाई का कहना है कि उन्हें भी आमिर ने परेशान किया.
वीडियो वायरल होने पर मांगी माफी
इस मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की एक टीम गुरुवार की सुबह इसके बाड़ा हिंदू राव घर पहुंची, लेकिन ये घर पर नहीं था. इसके अलावा त्रिपुरा पुलिस की एक टीम दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है, त्रिपुरा पुलिस दिल्ली पुलिस के लगातार संपर्क में है. हालांकि, जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, आमिर शौकीन ने एक नया वीडियो बनाया और त्रिपुरा के लोगों से माफी मांग ली. सबसे हैरान करने वाली बात है कि इस वीडियो को लेकर पहले शिकायत नहीं की गई. शायद पहले शिकायत की गई होती, तो उसकी हिम्मत इतनी नहीं बढ़ती.
यह भी पढ़ें: SIR पर घमासानः हामिद अंसारी का बड़ा बयान, प्रोटेस्ट पर बोले- अपना देश ऐसे ही चलता है
यह भी पढ़ें: CEC के खिलाफ रण: ‘वोट चोरी’ मुद्दे पर फिर लामबंद होगा विपक्ष, ऑनलाइन बैठक में बनेगी आगे की रणनीति