चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष करेगा मार्च: खरगे बोले- EC कठपुतली के जैसे कर रहा काम; ममता का दावा- बंगाल में वोट चोरी से BJP जीती
इंडी गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक पीसी को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग पर कई आरोप लगाए. विपक्षी दल आगामी 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे.
नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में बुधवार (30 सितंबर) को इंडी गठबंधन की बैठक हुई. इसमें विपक्षी दलों के दिग्गजों ने हिस्सा लिया. वोट चोरी, एसआईआर और चुनाव में कथित धांधली के मुद्दों पर विपक्षी दलों के नेताओं ने चर्चा करते हुए सरकार को घेरने की रणनीति बनाई. बैठक के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक पीसी को संबोधित किया और आगे की विरोध की रणनीति के बारे में जानकारी दी.
इंडी गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि असल में, चुनाव आयोग के अंदर दो-तीन लोग सिर्फ मोहरे हैं, जबकि अमित शाह और मोदी उन्हें कठपुतली की तरह नचा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सभी पार्टिंया मिलकर इस लड़ाई को लडेंगी. वहीं, ममता बनर्जी ने दावा किया कि वोट चोरी की मदद से बीजेपी ने बंगाल में जीत हासिल की है.
तीन घंटे चली इंडी गठबंधन की बैठक
करीब तीन घंटे चली बैठक में कुल 20 विपक्षी दल शामिल रहे. इस मीटिंग के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग कठपुतली के जैसे काम कर रहा है. EC के खिलाफ विपक्षी दल 6 अक्टूबर को हर जिले में 'लोकतंत्र बचाओ' मार्च करेंगे.
उन्होंने कहा कि हमने करीब साढ़े तीन घंटे की बैठक की. राहुल, ममता और कई अन्य लोगों की ओर से कई सुझाव भी सामने आए हैं. पीएम मोदी और अमित शाह ECI के साथ गुड़िया के खेल जैसा बर्ताव कर रहे हैं. खरगे ने कहा कि हमने युवाओं, इंडी गठबंधन के सदस्यों, सिविलि सोसाइटी के सदस्यों को 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर के बीच 'लोकतंत्र बचाओ' कार्यक्रम में आयोजित करने का काम सौंपा है.
चुनाव आयोग तक विपक्ष का मार्च
खरगे ने बताया कि 6 अक्टूबर को सभी विपक्षी सांसद ECI की ओर मार्च करेंगे. विपक्षी दलों के सभी राज्यसभा और लोकसभा सांसद इसमें शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगेंगे.
जानिए इंडिया गठबंधन का प्लान
खरगे ने कहा कि चुनाव आयोग और वोट चोरी के खिलाफ आम लोग, युवा और इंडी गठबंधन के कार्यकर्ता एक साथ आएंगे और विरोध मार्च में शामिल होंगे. खरगे के अनुसार,
- 2-8 अक्टूबर के बीच जिला स्तर पर 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' का आयोजन होगा और जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन होगा.
- 6 अक्टूबर को सभी विपक्षी सांसद चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे. उन्होंने कहा कि इस मार्च को आज ही करने का प्लान था, लेकिन इसको 6 अक्टूबर तक टाल दिया गया.
- इसके साथ ही अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में विपक्षी नेता भारत के राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांगेंगे.
- पूरे देश में विपक्ष कुल पांच बड़ी रैलियां आयोजित करेगा और लोगों तक अपनी आवाज पहुंचाएगा.
ममता बनर्जी ने कहा- वोट चोरी से जीती बीजेपी
ममता बनर्जी ने कहा कि इंडी गठबंधन एकजुट होकर लड़ेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने वोट चोरी करके चुनाव में जीत हासिल की है. बिहार, बंगाल, एमपी में वोटों की लूट की गई. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के लिए आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया. ममता ने कहा कि CEC ने इस्तीफा नहीं तो दिया तो बड़ा आंदोलन होगा.