)
पंजाब के लुधियाना में सनसनीखेज घटना सामने आई है. ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले छोटे बेटे से मिलकर लौटे एक व्यक्ति ने रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से पत्नी के गले पर कई वार करके उसकी हत्या कर दी. वारदात के वक्त उसने बड़े बेटे को दूध लाने के लिए बाहर भेज रहा था. हत्या के बाद जब वह घर से बदहवास भाग रहा था तो रास्ते में मिले बेटे ने उससे वजह पूछी. बाप ने कहा कि अंदर जाकर कमरे में देख. जब बेटे ने कमरे में झांका तो उसकी मां लहूलुहान होकर मरी पड़ी थी. पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है. हत्या की वजह जानने के लिए पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, रविंदर सिंह (50 वर्ष) अपनी पत्नी कमलदीप कौर (49) वर्ष के साथ लुधियाना के विकास नगर में रहता था. वह पिक अप वैन चलाकर घर का गुजारा करता है. उसका बड़ा बेटा साथ में रहता है, जबकि छोटा बेटा ऑस्ट्रेलिया में रहता है. वे दोनों छोटे बेटे से मिलने के लिए कुछ महीने पहले ऑस्ट्रेलिया गए थे. वहां से कमलदीप करीब चार महीने पहले लौट आई थी, जबकि रविंदर दो दिन पहले ही भारत वापस आया था.
ऑस्ट्रेलिया से लौटने के दो दिन बाद ही रविंदर ने शनिवार देर रात घर में रखे रसोई के चाकू से पत्नी के गले और पेट पर कई वार करके उसकी हत्या कर दी है. इस वारदात को अंजाम देने से पहले उसने दूध लाने के बहाने से बड़े बेटे गगनदीप सिंह को बाहर भेज दिया था. जब पत्नी का खून घर में फैलने लगा तो रविंदर सिंह बाहर की ओर भाग गया. रास्ते में उसे बेटा गगनदीप सिंह आते हुए मिला.
गगनदीप सिंह ने उससे इस तरह बदहवास होने की वजह पूछी तो उसने कमरे में अंदर झांकने को कहा. जब बेटा कमरे में गया तो वहां का नजारा देख उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई. वहां पर उसकी मां बुरी तरह लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ी थी और चारों ओर खून ही खून बिखरा था. उसने तुरंत शोर मचाया और पड़ोसियों की मदद से अपनी मां को अस्पताल पहुंचाया. वहां पहुंचने पर महिला को मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दुगरी थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. बेटे की शिकायत के बाद आरोपी बाप रविंदर सिंह को हिरासत में ले लिया गया है. एसएचओ इंस्पेक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि आरोपी को पत्नी के चरित्र पर शक था. उसे लगता था कि वह उससे बेवफाई कर रही है. इसीलिए आशंका है कि वह उसके मर्डर का प्लान बनाकर ही ऑस्टेलिया से लौटा था और वापस आते ही वारदात को अंजाम दे दिया.
उन्होंने बताया कि यह एक थ्योरी है. हत्या की असली वजह जानने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है. उससे वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.