'जिम जिहाद': हिंदू बेटियों के साथ ब्लैकमेलिंग, आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बरामद; मैनेजर मुलतानी गिरफ्तार
अब तक आपने लव जिहाद के मामलों के बारे में देखा-सुना होगा, जिसमें हिंदू लड़कियों और महिलाओं को निशाना बनाया जाता था. धर्मांतरण के लिए देश के अलग अलग हिस्सों से अक्सर ऐसी साजिशें रची जाती थीं. प्रशासन की सख्ती के बावजूद ऐसे मामले थमने का नाम नहीं ले रहे. इसका लेटेस्ट वर्जन अब 'जिम जिहाद' के रूप में सामने आया है.
'लव जिहाद' के बाद 'जिम जिहाद' का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. गुजरात के सुरेंद्रनगर में महिलाओं की कथित तौर पर आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के इस मामले का भंडाफोड़ पुलिस ने किया है. पुलिस ने इस मामले में जिम के मैनेजर अमीन यासीन मुलतानी को आरोपी बताते हुए अरेस्ट किया है. मुलतानी ‘Club 71’ नाम से 2 जिम का संचालन करता था. पुलिस ने बताया कि इन जिमों में महिलाओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कथित तौर पर गुप्त कैमरों का इस्तेमाल किया जाता था.
इस घिनौने खेल में शामिल लोग चुपके से महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीर और वीडियो बनाते थे और इसके ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल खेलते थे.
पुलिस ने काटी बिजली-पानी और जिम सील
जिम जिहाद का खुलासा एक महिला की शिकायत के बाद हुआ. शिकायत मिलने पर पुलिस ने जिम परिसर में छापेमारी की. पुलिस की रेड में पांच मोबाइल फोन, चार पेन ड्राइव, सिम कार्ड, ब्लूटूथ डिवाइस समेत कई सारे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद हुए हैं. पुलिस का दावा है कि इन उपकरणों में महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो मिले हैं. इसके साथ पुलिस ने क्लब 71 नाम के दोनों जिमों को सील कर दिया है. उनकी बिजली-पानी काटकर जिम सील कर दिया है.
तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने का आरोप
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मुलतानी और उसके गुर्गे कथित तौर पर महिलाओं की तस्वीरों और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उनसे पैसों की डिमांड करते थे. आरोप है कि पैसे नहीं देने पर वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी जाती थी.
सुरेंद्रनगर के पुलिस अधीक्षक प्रेम सुख डेलू ने बताया कि स्पेशल टीम पूरे मामले की जांच कर रही है. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा रही है. साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित तौर पर बनाए गए वीडियो और तस्वीरों को कहां-कहां भेजा गया. पुलिस पीड़ित महिलाओं से संपर्क करने की कोशिश कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मुलतानी के अलावा कुछ और लोग तो इस मामले से नहीं जुड़े हैं.
हिंदू संगठनों ने जताया विरोध
मामला सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने ब्लैकमेलिंग के इस मामले को ‘जिम जिहाद’ का नाम दिया है. हिंदू संगठनों ने इसके साथ ही पुलिस से जिम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के चेंजिंग रूम में लगे CCTV कैमरों की जांच कराने की मांग की गई है.