App

हाईवे पर गिरफ्तारी, फ्लैट में 'मौत का जखीरा': वलसाड में नशीली दवाओं के सिंडिकेट का हुआ पर्दाफाश!

पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में नकली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी नेशनल हाईवे-48 से पकड़ा गया. SOG पुलिस ने जब उसके फ्लैट की तलाशी ली, तो भारी में नकली दवाओं का जखीरा बरामद हुआ.

हाईवे पर गिरफ्तारी, फ्लैट में 'मौत का जखीरा': वलसाड में नशीली दवाओं के सिंडिकेट का हुआ पर्दाफाश!
Image Credit: गुजरात के वलसाड में भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद (Photo- Zee Media)

गुजरात की SOG पुलिस ने वलसाड जिले में नकली दवाओं के एक सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में नकली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने पारडी में नेशनल हाईवे-48 पर एक व्यक्ति को नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया. उससे पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने फ्लैट में काफी मात्रा में नकली दवाओं के होने की बात स्वीकार की. आरोपी के बयान के आधार पुलिस ने उसके फ्लैट की तलाशी ली. मौके से 1 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की नशीली दवाओं का जखीरा बरामद हुआ.

फ्लैट में मिला नकली दवाओं का जखीरा

SOG पुलिस के मुताबिक, बीना अपार्टमेंट्स स्थित आरोपी के फ्लैट से भारी मात्रा में ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम और कोडीन बरामद हुई हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने फ्लैट से अवैध रूप से नशीली दवाएं बेचने का कारोबार कर रहा था. आरोपी एक डील के लिए हाईवे पर गया था और पकड़ा गया. आरोपी की पहचान नरेंद्र सिंह पुरोहित के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच के लिए मामले को पारडी पुलिस को सौंप दिया है.

इसी महीने पकड़ी गई थी फर्जी फैक्ट्री

इसी महीने 2 नवंबर को डीआरआई ने वलसाड जिले में एक गुप्त फैक्ट्री पर छापा मारकर 22 करोड़ रुपये मूल्य की अल्प्राजोलम नाम की मादक दवा जब्त की थी. इस दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तार किए गए आरोपी में इस काले धंधे का मास्टरमाइंड, फाइनेंसर और नकली दवाओं का निर्माता शामिल था. डीआरआई के मुताबिक, नकली दवाओं को तेलंगाना भेजने की प्लानिंग थी, वहां इन्हें ताड़ी में मिलाकर नकली देसी शराब तैयार की जानी थी.

आखिर कब रुकेंगी ऐसी घटनाएं?

पिछले कुछ महीनों में प्रदेश में नकली दवाओं के पकड़े जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी है. इन खबरों ने मेडिकल जगत और आम जनता दोनों को हिलाकर रख दिया है. गुजरात के खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (FDCA) ने अगस्त के महीने में एक बहुत बड़ा अभियान चलाया था. इसमें 50 दवा कंपनियों के बिक्री लाइसेंस रद किए गए थे, जबकि दो दवा फैक्ट्रियों पर तुरंत ताला लगा दिया गया था. इससे पहले भी स्पेशल आपरेशन ग्रुप (SOG) की मदद से अहमदाबाद, गांधीनगर और मेहसाणा में नशीली दवाओं का गिरोह पकड़ा गया था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More