SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सफारी पार्क में मोटरसाइकिल से शेर को खदेड़ने पर एक्शन, वीडियो वायरल होते ही 3 कर्मचारियों पर गिरी गाज

गुजरात के अमरेली जिल के अंबारडी सफारी पार्क का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग बाइक से शेर को खदेड़ते नजर आ रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद सफारी में शेरों के रखरखाव पर सवाल खड़े होने लगे हैं.

Written By abhinav tripathi
Published: Nov 16, 2026, 10:41 IST | Updated: Nov 16, 2026, 10:48 IST
Image Credit: गुजरात में सफारी में शेर को खदेड़ना पड़ा महंगा. (फोटो- एआई)
Join

गुजरात के अमरेली जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां अंबारडी सफारी पार्क में कुछ लोग मोटरसाइकिल से एक शेर का पीछा करते नजर आ रहे हैं. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो सामने आने के बाद सफारी में शेरों के रखरखाव को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. इस पूरे मामले में सख्त एक्शन लिया गया और तीन कर्मचारियों को ड्यूटी से हटा दिया गया.

दरअसल, पूरा मामला धारी गिर ईस्ट डिवीजन के अंबारडी सफारी पार्क का बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में तीन लोग अलग-अलग मोटरसाइकिल पर जाते नजर आ रहे हैं. बाइक सवार एक शेर के पीछे भाग रहे हैं और शेर को मैदान की तरफ भगाते दिख रहे हैं.

सामने आए वीडियो में एक व्यक्ति के हाथ में वॉकी-टॉकी भी नजर आ रहा है. ठीक इसी समय वहां से वन विभाग की एक सरकारी गाड़ी भी गुजरती नजर आ रही है. ऐसे में वन विभाग की भूमिका पर सवाल खड़े होने लगे हैं.

कब की है घटना?

बताया जा रहा है कि यह घटना दिवाली के छुट्टियों के दौरान की है. आरोप है कि वन विभाग के कर्मचारी किसी वीआईपी को करीब से शेर दिखाना चाहते थे. इस वजह से वह शेर को जल्दबाजी में खदेड़ने का काम कर रहे थे. वीडियो में नजर आ रहा है कि कई तरफ से पीछा किए जाने के बाद शेर अचानक पलट गया और वह फिर बाइक सवारों को दौड़ाने लगा.

वन विभाग का एक्शन

सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद वन विभाग ने तुरंत एक्शन लिया और मामले की जांच शुरू कर दी. प्रकरण में प्रधान मुख्य वन संरक्षक जयपाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. अधिकारी ने कहा कि घटना को लेकर एक नोटिस भी जारी किया गया है. इसके बाद एक्शन लेते हुए आउटसोर्स पर काम कर रहे तीन वनकर्मियों को ड्यूटी से हटाया गया.

हालांकि, वन विभाग के अधिकारियों ने शेर को परेशान करने के आरोपों को खारिज किया है. जयपाल सिंह का कहना है कि कर्मचारी शाम के समय शेर को उसके बाड़े की ओर ले जा रहे थे. अधिकारी ने कहा कि यह एक सामान्य प्रक्रिया है. सामान्य तौर पर इस काम के लिए जीप का इस्तेमाल किया जाता है. जीप की बजाए इन कर्मचारियों ने बाइक का इस्तेमाल किया.

शेर को बाड़े में भेज रहे थे कर्मचारी

मामले को लेकर प्रभारी सहायक वन संरक्षक मितेश वणिया ने भी मामले पर अपनी बात रखी है, लेकिन उन्होंने कहा कि सफारी में शेर को परेशान नहीं किया जा रहा था. हालांकि, अधिकारी ने माना की यह वीडियो दिवाली के दिन का है. उन्होंने कहा कि सफारी पार्क 300 हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र में फैला है. हर दिन यहां शेरो को शाम 5 बजे तय बाड़े में खाना दिया जाता है.

शेर को परेशान करने का नहीं था इरादा

अधिकारी ने दावा किया कि वीडियो में जो शेर नजर आ रहा है, वह अपने बाड़े से दूर चला गया था, जिसको वन कर्मचारी बाड़े की ओर वापस भेज रहे थे. अधिकारी ने बताया कि त्योहार के समय सफारी पार्क में पर्यटकों की काफी भीड़ होती है, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने 12-12 घंटे काम किया. इन कर्मचारियों का शेर को परेशान करने का इरादा नहीं था. 

यह भी पढ़ें: कश्मीर में फिर घुसपैठ की आहट: LoC पर संदिग्ध मूवमेंट देख सेना ने की फायरिंग, पुंछ में चलाया सर्च ऑपरेशन

यह भी पढ़ें: तिरुपति बालाजी मंदिर में विशेष 'पुष्पयज्ञम्' पूजा आज, शाम को नगर भ्रमण पर निकलेंगे भगवान

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES