App

'5 करोड़ दो वरना जान से मार देंगे': दिल्ली के डिफेंस कारोबारी को मिली धमकी, पुलिस-प्रशासन में मचा हड़कंप

'विजयन त्रिशूल डिफेंस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड' के संस्थापक साहिल लूथरा से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. साहिल ने दिल्ली पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराके सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है.

'5 करोड़ दो वरना जान से मार देंगे': दिल्ली के डिफेंस कारोबारी को मिली धमकी, पुलिस-प्रशासन में मचा हड़कंप
Image Credit: डिफेंस कारोबारी साहिल लूथरा को मिली जान से मारने की धमकी (Photo- PTI)

रक्षा कारोबारी साहिल लूथरा से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. कारोबारी ने दिल्ली पुलिस में मामला दर्ज कराते हुए बताया कि उनसे पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. उन्होंने बताया कि शुक्रवार (13 नवंबर) की देर शाम करीब 8 बजे उनके पास उन्हें रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी मिली है. साहिल लूथरा ने कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा पर धमकी देने का आरोप लगाया है. उन्होंने दिल्ली पुलिस से सुरक्षा मुहैया की गुहार लगाई है. वहीं, इस घटना से बिजनेस जगत में हड़कंप मच गया है.

2 साल से लगातार मिल रहीं धमकियां

एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, 'विजयन त्रिशूल डिफेंस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड' के संस्थापक और प्रबंध निदेशक साहिल लूथरा ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें साल 2024 से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने बताया कि पिछले साल उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. उन्होंने बताया कि रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने उनके ऊपर जानलेवा हमला करते हुए गोलीबारी की थी, जिससे वह बच गए थे.

गैंगस्टर रोहित गोदारा के निशाने पर हैं साहिल?

उन्होंने बताया कि इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी, उस वक्त उन्होंने दिल्ली के चाणक्यपुरी थाने में एक FIR दर्ज कराई थी. बाद में यह केस दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया था. साहिल ने बताया कि दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने जून 2026 में इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था, आरोपियों में एक पंजाब पुलिस का बर्खास्त दारोगा भी शामिल था. साहिल के मुताबिक, गैंगस्टर रोहित गोदारा और उसकी गैंग की ओर से उन्हें टारगेट किया जा रहा है. उधर, दिल्ली पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.

रोहित गोदरा गैंग ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया!

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि पुलिस इस मामले को बड़ी गंभीरता से ले रही है. धमकी देने वालों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि डिफेंस कारोबारी साहिल लूथरा को लगातार धमकी कौन दे रहा है, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है. इस बीच हरियाणा के गोहाना में बिजेंद्र उर्फ नन्हा पहलवान की हत्या की जिम्मेदारी वीरेंद्र चारण नामक शख्स ने ली है. उसने फेसबुक पोस्ट पर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेते हुए खुद को रोहित गोदरा गैंग का सदस्य बताया है. इस घटना के बाद से साहिल लूथरा और उनका परिवार काफी डरा हुआ है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More