)
सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर राजधानी में हाई अलर्ट है और सेंट्रल दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. दिल्ली पुलिस ने सीजेपी प्रदर्शन में शामिल होने से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी को हिरासत में ले लिया है. यह दावा सीजेपी के एक्स अकाउंट से किया गया है. सीजेपी ने एक्स पर कहा कि शनिवार सुबह 8 बजे दिल्ली पुलिस के 50 जवान सादी वर्दी में ध्रुव राठी के गुरुग्राम वाले घर पर पहुंचे और उनको हिरासत में ले लिया. वहीं, अभिजीत दीपके ने कहा है कि वह नरेंद्र मोदी सरकार के सामने नहीं झुकेंगे.
दूसरी ओर, CJP प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इसके चलते दिल्ली मेट्रो के संचालन पर भी असर पड़ा है. वायलेट लाइन के जामा मस्जिद, जनपथ, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, जंगपुरा और लाजपत नगर मेट्रो स्टेशनों प्रवेश और निकासी रास्ते बंद कर दिए गए हैं और शाम 6 बजे तक इनको बंद रखा जाएगा.
पुलिस गाड़ियों को चेक कर रही है.कार से दिल्ली जा रहे युवाओं को वापस भेजा जा रहा है. प्रदर्शन का केंद्र नई दिल्ली का जंतर-मंतर है. CJP और सहयोगी संगठन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. आयोजकों ने करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने का दावा किया है. इन आरोपों को लेकर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया है. इसके बावजूद आयोजकों ने प्रदर्शन करने की घोषणा की है. सुरक्षा के मद्देनजर मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट्स पर पाबंदियां लगाई गई हैं. दिल्ली मेट्रो के कई अन्य स्टेशनों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं, जबकि कुछ स्थानों पर ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी कम की जा सकती है.
प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने परिवार के साथ शामिल होने की घोषणा की है. AAP सांसद संजय सिंह ने कहा है कि प्रदर्शन CJP की ओर से आयोजित किया जा रहा है, लेकिन उनकी पार्टी के कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे.
वामपंथी छात्र संगठनों AISA, SFI और AISF के साथ AAP के छात्र संगठन ASAP और कई युवा संगठनों ने भी प्रदर्शन में भाग लेने की घोषणा की है. इनमें DYFI, AIYF, RYA, RYF, AIDYO और AIYL शामिल हैं. कांग्रेस ने इस संयुक्त प्रदर्शन में शामिल होने से दूरी बनाई है, जबकि उसके छात्र संगठन NSUI ने अलग से विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई है.