SIR के खिलाफ दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध-प्रदर्शन के बीच बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने सीजेपी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला. जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम को लेकर बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि जंतर-मंतर पर जो हो रहा है वह भारत की कहानी नहीं है. उन्होंने कहा, 'भारत शांत है और राजधानी को बंधक बनाने का अराजक तत्वों का फ्लॉप शो ध्वस्त हो गया है.' बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, 'कुछ लोगों ने भारत और राजधानी को बंधक बनाने की कोशिश थी. वे चाहते थे कि प्रदर्शन के दौरान मारपीट हो, आगजनी हो. कोशिश थी कि सड़कों पर लड़ाई, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.'
'अराजकतत्वों के अंदर भी अराजकता है'
पात्रा ने कहा, 'आज अराजक तत्वों का फ्लॉप शो पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है. उनका यह फ्लॉप शो नहीं चलने वाला था. कुछ दिनों पहले कांग्रेस पार्टी ने एक प्रोटेस्ट बुलाया था. आज कुछ दूसरे तत्वों ने प्रोटेस्ट बुलाया था. फिर 12 तारीख को एक प्रोटेस्ट बुलाया गया है. भारत की स्थितियों को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है. अराजकतत्वों के अंदर भी अराजकता है. आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में क्रेडिट लेने के लिए आपस में ही गुत्थम-गुत्थी चल रही है.'
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल को नालायक कहा
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, 'कल कुछ राजनेता राष्ट्रपति भवन गए थे. वहां से बाहर से निकलने के बाद राहुल गांधी जी का बयान एक नालायक नेता के बयान के समान है.' बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, 'इस शब्द को बोलने में मुझे कुंठा हो रही है, लेकिन ऐसा करना पड़ रहा है. कभी ऐसा नहीं हुआ कि राष्ट्रपति को सड़क की लड़ाई में घसीटने की कोशिश की गई हो, लेकिन एक नालायक नेता ने ऐसा काम किया है.'
पात्रा ने पूछा- सबूत लेकर क्यों नहीं गए?
पात्रा ने कहा, 'राहुल गांधी अपने साथ सबूत क्यों नहीं लेकर गए थे. जब इलेक्शन कमीशन ने हेथेकॉन के लिए बुलाया था, तब गायब हो गए थे. जब राष्ट्रपति महोदया ने कहा कि सबूत दीजए, तो बोले कि बाद में देंगे.' पात्रा ने सवाल पूछते हुए कहा, 'क्यों बिना सबूत के गए थे. एक साल से वोट चोरी की बातें कर रहे हैं और सबूत तक नहीं हैं.' पात्रा ने कहा, 'कल चार सीट के नतीजे आए, चारों सीटों पर बीजेपी और एनडीए उम्मीदवारों की जीत हुई.' बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, 'जब चारों सीटें के नतीजे आ रहे थे, तो इनके वकील सुप्रीम कोर्ट में प्रोटेस्ट स्थल पर टॉयलेट की सुविधा मांगने गए थे. वोट चोरी पर उन्होंने कुछ नहीं बोला.'