SIR पर मचे घमासान के बीच बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोकसभा के नेता विपक्ष राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला. नितिन नवीन ने कहा कि विकास में देश की जनता का जो साथ मिला, उसको अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है. यह काम दो अराजकतावादी समूह कर रहे हैं, जिसमें एक इंडी गठबंधन गुट के नेता राहुल गांधी जी और दूसरे गुट का नेतृत्व अरविंद केजरीवाल के सहयोगी सीजेपी है.
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, 'मैं इन दोनों गुटों को स्पष्ट कहना चाहता हूं कि भारत की जनता आपके उद्देश्यों को देख रही है. आपकी जो अनाधिकृत प्रतिस्पर्धा चल रही है कि कौन इस देश में कितनी अराजकता पैदा कर सकता है, ये आपके मंसूबे पूरे नहीं हो सकते. ये वो लोग हैं, जनता ने जिनको नकार दिया. लोकतंत्र ने इनको सजा दी. उस सजा से बचने के लिए आप लोकतंत्र को बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं. आप अपने राजनैतिक उद्देश्यों की पूर्ति के साथ-साथ विदेशी ताकतों के इशारे पर यह कर रहे हैं.'
राष्ट्रभक्तों से मुकाबला करने की अपील!
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, 'संकट के बावजूद देश लगातार आगे बढ़ रहा है. ये लोग इसे देख नहीं पा रहे हैं. आप भारत के विकास को, भारत की तरक्की को, भारत की उन्नति को पचा नहीं पा रहे हैं. जिस प्रकार से आज भारत, आत्मनिर्भर और सशक्त होकर आगे बढ़ रहा है, उसे आप देख नहीं पा रहे हैं. विदेशी ताकतों के इशारे पर आप इसे अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं. मैं स्पष्ट रूप से आपको कहता हूं कि भारत के लोकतंत्र में इतनी ताकत है कि आप सफल नहीं हो पाएंगे. जितने देशभक्त और राष्ट्रभक्त लोग हैं, वो सब मिलकर आपके मंसूबों पर पानी फेरेंगे.'
CJP पर खूब बरसे बीजेपी अध्यक्ष
नितिन नवीन ने आगे कहा, 'प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में हम लोगों ने देश को भय के वातावरण से बाहर निकाला. आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने का प्रयास किया, नक्सलवाद से इस देश को मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन अभी भी अर्बन नक्सल की मानसिकता के लोग इस देश को अस्थिर करने में लगे हैं. राहुल गांधी जी आपके मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे.' उन्होंने कहा, 'जिस प्रकार का षड़यंत्र राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल के गठबंधन के लोग कर रहे हैं, सीजेपी के लोग कर रहे हैं, भारत का युवा उनको देख रहा है. भारतीय संविधान के प्रति भारत के युवाओं की प्रतिबद्धता है. भारत की जनता इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी. आप इस देश के लोकतंत्र को चुनौती देने का प्रयास कर रहे हैं, इसकी सजा आपको जरूर मिलेगी.'
'साफ दिखाई दे रही हार की हताशा'
बीजेपी अध्यक्ष ने राहुल गांधी को चेतावनी देते हुए कहा, 'जिन विदेशी ताकतों के साथ गठजोड़ करके आप अपनी बिकाऊ राजनीति कर रहे हैं, भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं. आपके नापाक इरादे कभी कामयाब नहीं होंगे. झूठ के सहारे लोकतंत्र को चुनौती देना, जनादेश का अपमान करना है. देश की जनता ने जिसे जनादेश दिया है, जिस पर विश्वास किया है, वह देश का नेतृत्व कर रहा है. लगातार राज्यों में आपकी हार, हताशा दिख रही है कि आप कहीं ना कहीं शांति के साथ देश को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते हैं. लेकिन मैं आपको चेतावनी देता हूं कि भारत की जनता आपको कभी कामयाब नहीं होने देगी.'