)
स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के मुद्दे पर मचे सियासी घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के वियतनाम दौरे पर निशाना साधा तो कांग्रेस पार्टी ने भी पलटवार करने में देर नहीं लगाई. बीजेपी ने राहुल गांधी पर 'झूठ फैलाने के बाद ब्रेक लेने' का आरोप लगाते हुए अपने आधिकारिक X (ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे कथित तौर पर बिजनेस क्लास के केबिन में बैठे नजर आ रहे हैं.
बीजेपी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'झूठ फैलाते-फैलाते थक गया हूं... चलो कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं... किसको ही पता चलेगा!'
राहुल गांधी अक्सर मोहब्बत की दुकान चलाने की बात कहकर बीजेपी-आरएसएस की विचारधारा को घेरने की कोशिश करते हैं, ऐसे आरोपों के काउंटर में बीजेपी हमेशा उन्हें झूठ की दुकान चलाने वाला बताती है. इस बार बीजेपी ने राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर कैसे तंज कसा आप खुद देख समझ लीजिए.
”झूठ फैलाते-फैलाते थक गया... कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं... किसी को क्या ही पता चलेगा!”
— BJP (@BJP4India) October 19, 2026
बीजेपी का यह तंज ऐसे वक्त में आया है जब कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के घटक दलों के कई नेता चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चुनावी धांधली के आरोपों को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इस पोस्ट के बाद कई बीजेपी नेताओं ने उन पर निशाना साधा है.
केरलम बीजेपी के प्रवक्ता SB DINNY ने कहा, 'हर कोई विदेश जाने के लिए स्वतंत्र है. लेकिन विपक्ष के नेता, जो पिछले कई दिनों से इस विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं और देश में अफरा-तफरी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे समय में, वो आराम फरमाने के लिए विदेश में हैं; ये उनके दोहरे मापदंडों को दिखाता है. जब बात उनके अपने निजी आराम की आती है, तब वो आम लोगों को उनके हाल पर छोड़कर फौरन विदेश निकल जाते हैं. ये सब उनकी उस गैर-जिम्मेदाराना हरकत को दिखाता है जो वे हमेशा दिखाते आए हैं और इसी बात पर बीजेपी सवाल उठा रही है.
इससे पहले 12 अक्टूबर को, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट तक 'लोकतंत्र मार्च' निकाला था और इलेक्टोरल रोल के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर एक याचिका भी सौंपी थी. विपक्षी पार्टियां मतदाता सूची के इस संशोधन में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए कई अन्य प्रदर्शन भी कर चुकी हैं.
The Chief Architect of 'Mohabat ki dukaan '. People don't change... They just reveal themselves! https://t.co/PzVuXA9B1X
— Colonel S Dinny (Retd) (@sdinny14) October 12, 2026
कांग्रेस ने राहुल के वियतनाम दौरे का पुरजोर बचाव करते हुए कहा कि उन्हें अपने व्यक्तिगत समय में कहीं भी आने-जाने की पूरी आजादी और अधिकार है.
ANI से बात करते हुए संदीप दीक्षित ने कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ राहुल गांधी की एक निजी जिंदगी भी है. इसके अलावा, नेता प्रतिपक्ष के तौर पर उनकी अपनी जिम्मेदारियां भी हैं. वे जब भी बाहर जाते हैं, कुछ न कुछ बेहतर करते हैं. कभी वे येल यूनिवर्सिटी के छात्रों से मिलते हैं, तो कभी बुद्धिजीवियों से मिलते हैं.
इसके साथ ही दीक्षित ने पिछले साल संसद के मानसून सत्र के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्रा का जिक्र करके बीजेपी पर काउंटर अटैक किया.