'लव जिहाद से सावधान': गैर-हिंदुओं की एंट्री पर बैन! राजकोट में गरबा पंडालों के बाहर लगे विवादित पोस्टर
गुजरात के राजकोट में गरबा पंडालों के बाहर 'लव जिहाद से सावधान' पोस्टर लगाए गए हैं. हिंदू जागरण मंच के अध्यक्ष मंगेश देसाई ने कहा कि यह बैनर सिर्फ जन-जागृति के लिए लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कि सामने वाले से बचने के लिए पहले अपने को सजग होना चाहिए.
नवरात्र के पर्व गुजरात में पूजा पंडालों में गरबा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. राजकोट में गरबा कार्यक्रमों के बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्टर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें लड़कियों को 'लव जिहाद' से बचने की सलाह दी गई है. जानकारी के मुताबिक, हिंदू संगठनों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्र में संचालित हो रहे गरबा कार्यक्रमों के बाहर 'लव जिहाद से सावधान' विवादित पोस्टर लगाए हैं. इस तरह के पोस्टर लगाए जाने पर हिंदू जागरण मंच के अध्यक्ष मंगेश देसाई ने बताया कि जन जागृति के माध्यम से कई हिंदू संगठनों ने ये बैनर लगाए गए हैं. मंगेश देसाई ने कहा कि सामने वाले से बचने के लिए पहले अपने को सजग होना चाहिए, इसीलिए अपने समाज को जगाने के लिए अलग-अलग हिंदू संगठनों की ओर से ये बैनर लगाए गए हैं.
उन्होंने कहा कि किसी को भड़काने या किसी को दबाने के लिए इस तरह के पोस्टर नहीं लगाए गए हैं. यह बैनर सिर्फ जन-जागृति के लिए लगाए गए हैं. गरबा आयोजनों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग पर हिंदू जागरण मंच के अध्यक्ष ने कहा कि हमने इस बार भी पुलिस कमिश्नर से यह मांग की थी, आयोजकों के साथ भी बैठक की है. उसका काफी अच्छा वातावरण बना है.
जांच-पड़ताल के बाद मिल रही एंट्री!
मंगेश देसाई ने बताया कि इस पहल में कई आयोजक भी शामिल हुए हैं. कई आयोजकों ने अपने कार्यक्रम में जाने वालों को तिलक लगाने का और नाम जांच-पड़ताल के बाद ही एंट्री दिए जाने की पहल शुरू की है. हम इसका स्वागत करते हैं. आज से हमारी अलग-अलग टीम सभी जगह जाएगी. जन-जागृति करना हमारे संगठन का काम है. किसी के साथ लड़ाई-झगड़ा करने का कोई काम नहीं है.
'लव जिहाद' से सावधान कर रहे- देसाई
मंगेश देसाई ने कहा कि लव-जिहाद पर मीडिया का ध्यान अभी गया है. हम लोग कई वर्षों से लव जिहाद से लड़कियों को बचाने का काम कर रहे हैं. कई लड़कियों को बचाकर लाए हैं और उनकी काउंसलिंग भी कराई है.
'वाइब्रेंट नवरात्रि महोत्सव-2026' का शुभारंभ
बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार (11 अक्टूबर) को ही अहमदाबाद में 'वाइब्रेंट नवरात्रि महोत्सव-2026' का शुभारंभ किया है. इस अवसर पर ‘आह्वान मां आद्यशक्ति’ की थीम पर 800 से अधिक कलाकारों ने गुजरात की लोकसंस्कृति, शक्ति उपासना, संगीत, नृत्य और आध्यात्मिक परंपरा का निरूपण करने वाली मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी. इस कार्यक्रम का उद्देश्य गुजरात के पारंपरिक लोकनृत्य गरबा को मंच प्रदान करना है.
ये भी पढ़ें- 2nd Day Navratri: नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी को ऐसे करें प्रसन्न, पढ़ें यह मंत्र, आरती और कथा