पानीपत से पाप की दुनिया तक...कौन है लॉरेंस का खास अनिल पंडित, जिसने टाइगर श्रॉफ पर कराया हमला; ऐसी है क्राइम कुंडली
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले में लॉरेंस के खास अनिल पंडित का नाम सामने आ रहा है. इससे पहले भी उसने कई वारदातों को अंजाम दिया है. बताया जाता है कि वह अमेरिका में है.
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आ रहा है. सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी सामने आया, जिसमें अनिल पंडित नाम के अकाउंट से हमले की जिम्मेदारी ली गई. जबकि, एक ऑडियो क्लिप भी सामने आया है, जिसमें अनिल पंडित नाम का शख्स खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई काछोटा भाई बताते हुए घटना की जिम्मेदारी ले रहा है. उसने बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को भी धमकी दी है. लेकिन अमेरिका में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए भारत में वारदातों को अंजाम दिलाने वाला अनिल पंडित आखिर है कौन? चलिए आपको उसकी पूरी क्राइम कुंडली बताते हैं.
कौन है अनिल पंडित?
अनिल पंडित हरियाणा के पानीपत जिले के रैर कलां गांव का रहने वाला है. उसकी उम्र 32 साल है और साल 2023 में वह भारत से बाहर गया था. पानीपत से वह कनाडा गया. इसके बाद थाईलैंड और दुबई होते हुए अमेरिका तक पहुंचा. हरियाणा, दिल्ली और पुणे में फायरिंग व रंगदारी के मामलों में उसका नाम सामने आया था. दुबई के रास्ते उसका संपर्क रणदीप मलिक से हुआ. फिर वह अमेरिका के कैलिफोर्निया पहुंचा और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया.
रणदीप मलिक के अमेरिका में होने की जानकारी है. जांच से जुड़े इनपुट के मुताबिक, विदेश में बैठकर अनिल पंडित ने हाल के छह महीनों के दौरान भारत में कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दिलाने के लिए अपने शूटरों का इस्तेमाल किया.
भारत में पिछले छह महीनों के दौरान अनिल पंडित का नाम हरियाणा के पानीपत में रंगदारी से जुड़े मामलों में सामने आया. उस पर पानीपत में दो से तीन स्थानों पर रंगदारी मांगने के लिए वारदातों को अंजाम देने का आरोप है. इन मामलों में कथित तौर पर अनिल पंडित के शूटर शामिल थे. हरियाणा पुलिस और STF ने कार्रवाई करते हुए संबंधित मामलों में शूटरों को गिरफ्तार किया है. इन घटनाओं ने हरियाणा में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क और विदेश में बैठे कथित गैंग ऑपरेटिव्स के बीच संभावित संबंधों की जांच को अहम बना दिया.
गुरु रंधावा के जिम पर शूटिंग
पानीपत के बाद अनिल पंडित का नाम दिल्ली में हुई फायरिंग की एक घटना से जुड़ा. दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गायक गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग करवाने का आरोप भी अनिल पंडित पर है. इस मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए अनिल पंडित से कथित तौर पर जुड़े चार शूटरों को पकड़ा था.
गिरफ्तार शूटर कथित तौर पर सिग्नल ऐप के जरिए अनिल पंडित के संपर्क में थे. शूटरों के कब्जे से विदेशी हथियार बरामद होने की जानकारी मिली थी. जांच का प्रमुख पहलू विदेश में बैठे कथित हैंडलर और भारत में वारदात को अंजाम देने वाले शूटरों के बीच कम्युनिकेशन और को-ऑर्डिनेशन का है.
पुणे में ज्वेलरी शोरूम पर गोलीबारी
गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग की घटना के करीब 15 दिन बाद पुणे में एक ज्वेलरी शोरूम पर फायरिंग की वारदात हुई. इस घटना में भी अनिल पंडित का नाम सामने आया. महाराष्ट्र पुलिस ने इस मामले में अनिल पंडित और शुभम लोनकर से कथित तौर पर जुड़े शूटरों को पकड़ा था. पुणे में फायरिंग करने वाले तीनों शूटर राजस्थान के हनुमानगढ़ के रहने वाले बताए गए. आरोप है कि ये शूटर वारदात को अंजाम देने के लिए पुणे पहुंचे थे. मामले में अनिल पंडित और शुभम लोनकर के नेटवर्क की भूमिका की जांच अहम रही.
गायक दिलेर खरकिया की कार पर हमला
अनिल पंडित पर हरियाणा के भिवाड़ी में मशहूर गायक दिलेर खरकिया की कार पर भी फायरिंग करवाने का आरोप है. इस घटना को भी उसके कथित आपराधिक नेटवर्क की गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है. वारदात के पीछे की वजह, धमकी या रंगदारी का कोण और कथित गैंग कनेक्शन जांच के महत्वपूर्ण पहलू हैं.
सोनीपत में धमकी देने के लिए फायरिंग
हरियाणा के सोनीपत में भी धमकी देने के मकसद से फायरिंग करवाने का आरोप अनिल पंडित पर है. इस मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हरियाणा STF के साथ मिलकर कार्रवाई की थी. कार्रवाई के दौरान शूटर रोहित दहिया के साथ कुंडली इलाके में मुठभेड़ हुई थी. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह हाफ एनकाउंटर था. इस कार्रवाई में कथित शूटर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई अहम रही.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नाम
1. रणदीप मलिक- अमेरिका में मौजूद बताया जाता है
2. हैरी बॉक्सर
3. हरमन संधू
4. अनिल पंडित
5. टायसन बिश्नोई
6. शुभम लोनकर
(नीरज गौड़ की रिपोर्ट)