अरब की यात्रा करने वालों की बढ़ीं मुश्किलें... रियाद समेत इन शहरों को जाने वाली सभी उड़ानें रद्द; एअर इंडिया का बड़ा फैसला
एअर इंडिया ने एक अहम फैसला लेते हुए सऊदी के रियाद, जेद्दा और दम्माम आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है. सऊदी में तेजी से बिगड़ते हालात को देखते हुए एयरलाइन ने 20 अक्टूबर तक उड़ानों को रद्द करने की बात कही है. इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
सऊदी अरब और यमन हूतियों के बीच जारी संघर्ष के कारण हालात बिगड़ रहे हैं. माना जा रहा है कि पश्चिम एशिया का युद्ध अब सऊदी की तरफ शिफ्ट हो गया. स्थिति को खराब होता देख एयरलाइन कंपनियां भी सतर्क हो गई हैं. ऐसे में एअर इंडिया ने रियाद, दम्माम और जेद्दा आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को 20 अक्टूबर तक के लिए रद्द कर दिया है. एयरलाइन की ओर से शुक्रवार को इस संबंध में जानकारी साझा की गई.
एयरलाइन के इस फैसले से जो भी यात्री प्रभावित हुए हैं, उन्हें पूरा रिफंड दिया जाएगा. बता दें कि सऊदी अरब में हाल के हुए हमलों के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ है. गत 10 अक्टूबर को सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यमन के हूतियों ने मिसाइल से हमला किया था, जिसमें एक भारतीय समेत 13 लोगों की जान गई थी.
एअर इंडिया ने जारी किया बयान
एअर इंडिया ने शुक्रवार (16 अक्टूबर) को जारी एक बयान में कहा कि सऊदी अरब में तेजी से बदलती स्थिति को देखते हुए 20 अक्टूबर तक सभी उड़ाने रद्द रहेंगी. बयान में यह भी कहा गया कि कंपनी घटनाक्रम पर बारीकी से नजर बनाए हुए है और सुरक्षित परिचालन फिर से शुरू करने के लिए हालात का आकलन कर रही है. यात्रियों की सुरक्षा एयरलाइन की प्राथमिकता है. हालांकि, उड़ानों के अचानक रद्द होने से सऊदी की यात्रा करने वाली यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
सऊदी में भारत ने जारी की एडवाइजरी
सऊदी में तेजी से बदल रहे हालातों के बीच रियाद स्थिति भारतीय दूतावास ने पिछले दिनों नागरिक एडवाइजरी जारी की थी. यह एडवाइजरी ऐसे समय पर जारी की गई थी, जब सऊदी के अलग-अलग शहरों के लिए जाने वाली भारतीय एयलाइंस की सेवाएं 17 अक्टूबर तक सस्पेंड हुई थीं. रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से शांत और सतर्क रहने, हवाई हमलों की स्थिति में घर के भीतर रहने की अपील की थी. इसके साथ ही स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की बात भी कही गई थी.
सऊदी और यमन के हूतियों में बढ़ा तनाव
गौरतलब है कि शनिवार (10 अक्टूबर) को सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यमन के हूतियों ने मिसाइल से हमला किया. इस हमले में एक भारतीय समेत 13 लोगों की जान गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे. हमले के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था. हालांकि, अभी भी ये रोक जारी है और हवाई अड्डे के मरम्मत का काम चल रहा है. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें देखा गया कि लोग बोर्डिंग लाइन में खड़े हैं, तभी एयरपोर्ट के ऊपर से हमला होता है.
यह भी पढ़ें: क्लासरूम में पढ़ रहे थे बच्चे, तभी स्कूल में बरसने लगी गोलियां, ओरेगन में 3 बच्चों समेत 4 की मौत; हमलावर भी मारा गया