अमेरिका के ओरेगन राज्य में गुरुवार को एक प्राइमरी स्कूल (एलिमेंट्री स्कूल) में एक हमलावर ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस घटना में कम से कम 4 लोगों की जान गई. मृतकों में तीन बच्चे और एक वयस्क भी शामिल है. पुलिस ने बताया कि हमलावर भी मारा गया. इस घटना के बारे में बेंड पुलिस विभाग के प्रवक्ता शीला मिलर की ओर से जानकारी दी गई.
पुलिस की ओर से बताया कि कि अधिकारियों को इससे पहले एक कार में गोली चलने की सूचना मिली थी. इसी के कुछ समय बाद स्कूल के अंदर एक हमलावर के होने की जानकारी पुलिस को मिली. पूरी घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर 1.00 बजे की है. पुलिस ने तरंत एक्शन लेते हुए हमलावर को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची.
हालांकि, अभी पुलिस पहुंच ही रही थी कि उन्हें सूचना मिली की हमलावर ने स्कूल में फायरिंग कर दी है, जिसमें कई बच्चे घायल है. इस दौरान हमलावर को भी गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर को किसने गोली मारी. पुलिस को अनुमान है कि वहां पर मौजूद किसी शख्स ने हमलावर को गोली मारी हो.
कुछ समय बाद पुलिस की ओर से एक बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि घटना में कई लोग हताहत हुए हैं. घटना के तुरंत बाद घायल अवस्था में बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर तीन बच्चों और एक शिक्षक को मृत घोषित कर दिया गया. इस हमले में घायल कुछ अन्य लोगों का उपचार अस्पताल में चल रहा है.
स्थानीय मीडिया के अनुसार, हमले में तीन बच्चों की जान गई है और एक शिक्षक की भी मौत हुई है. हालांकि,पुलिस ने इन आंकड़ों को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. सीएनएन की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि हमलावर 16 साल का एक लड़का था. पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि भी नहीं की है.
ये घटना सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल की है. जहां पर 400 से 450 बच्चे पढ़ते हैं. इसके साथ ही 40 से अधिक कर्मचारी भी कार्यरत हैं. घटना के बाद एक्शन लेते हुए स्कूल में लॉकडाउन लगा दिया गया. बेंड-ला पाइन स्कूल के डिस्ट्रिक्ट ने बताया कि पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित निकालकर बसों से दूसरी जगह लेकर गई. इसके बाद बच्चों को परिवार को सौंप दिया गया. बताया जाता है कि माता-पिता अपने बच्चों का इंतजार एक चर्च के पास कर रहे थे.