)
इजरायल की सेना (IDF) ने एक ऐसी चिट्ठी जारी की है, जिसको देखने के बाद हर कोई दंग रह गया. बताया गया कि यह चिट्ठी हमास के पूर्व लीडर याह्या सिनवार के बेटे की है, जो केवल 10 साल का है. बच्चे के दिमाग में किस तरीके से यहूदियों को लेकर नफरत भरी गई है, वह इस चिट्ठी में लिखी बातों से झलक रहा है. बच्चे का नाम इब्राहिम बताया गया. आईडीएफ के मुताबिक, इब्राहिम ने ये चिट्ठी युद्ध शुरू होने के समय अपने पिता को लिखी थी.
दरअसल, अपनी चिट्ठी में इब्राहिम ने यहूदियों को गोली मारने की इच्छा जताई. उसने बताया कि वह अपने हाथ में कलाश्निकोव राइफल भी पकड़ना चाहता है. इजरायली सैनिकों को यह चिट्ठी साल 2024 में गाजा पट्टी में मिली थी. सिनवार की मौत के करीब 2 साल पूरे होने पर आईडीएफ ने यह चिट्ठी जारी की है. इस चिट्ठी से यह देखा जा सकता है कि एक बच्चे के मन में यहूदियों के खिलाफ कितना जहर बोया गया है.
युद्ध के दौरान एक 10 साल के बच्चे के दिमाग में क्या चल रहा है, इस चिट्ठी से पता चल जाता है. भले ही बच्चे के मन में अपने पिता के प्रति एक लगाव है, लेकिन यहूदियों के खिलाफ भारी नफरत और हिंसा भी दिख रही है. इजरायली सेना ने इस चिट्ठी और कुछ रेखाचित्रों को सबूत के तौर पर पेश करने की कोशिश की है. इजरायली सेना ने यह भी माना कि हमास की नफरत भरी विचारधारा गाजा की नई पीढ़ी को भी बर्बाद कर रही है.
अपनी इस चिट्ठी में इब्राहिम मे लिखा कि उसे अपने पिता की काफी याद आती है. वह उनके लौटने का इंतजार कर रहा है और उन्हें गला लगाना चाहता है. उसने यह भी बताया कि वह चाहता है कि उसके पिता जीत हासिल करें. उसने बताया कि वह 'अल्लाहू अकबर' का नारा भी लगाना चाहता और यहूदियों पर कलाश्निकोव राइफल दागने की इच्छा रखता है.
इजरायली सेना ने इस चिट्ठी को अनुवाद कर बताया कि बच्चे ने लिखा कि मैं लगातार कागज और गत्ते से पिस्तौल, टैंक और कलाश्रिकोव बना रहा हूं. बता दें कि कलाश्निकोव एक प्रकार का विशेष राइफल है, जिसको सोवियत रूस के हथियार डिजाइनर मिखाइल कलाश्निकोव ने बनाया था.
‼️ EXPOSED: A LETTER WRITTEN BY YAHYA SINWAR’S 10 YEAR OLD SON “I want to hold a Kalashnikov and shoot Jews.” In a letter to his father, Ibrahim wrote that he makes “guns, tanks, and Kalashnikovs out of paper and cardboard” in his spare time and expressed his desire to shoot Jews. The letter, accompanied by drawings of weapons, tanks and missiles, reflects how Hamas’ ideology of hatred and violence impacts the younger generation in Gaza.
— Israel Defense Forces (@IDF) October 15, 2026
10 साल के इब्राहिम को अपने पिता का इंतजार भी है. उसका कहना है कि वह अपने पिता की बांहों में सोना चाहता है. उसने चिट्ठी के अंत में लिखा कि ऊपर वाले से मैं यही दुआ करता हूं कि यह युद्ध समाप्त हो जाए और मेरे पिता सुरक्षित वापस लौट आएं. अल्लाह मेरे पिता को सुरक्षित रखे.
आईडीएफ ने बताया कि इस चिट्ठी के साथ कुछ चित्र भी मिले हैं. दावा किया गया कि इसको भी इब्राहिम ने ही बनाया है. इन चित्रों में हथियार के साथ टैंक दर्शाए गए हैं. टैंकों को गाजा और इजरायल को बांटने वाली सीमा के पास खड़ा दिखाने की कोशिश हुई है. फोटो में मिसाइल को इजरायल की ओर दागते हुए दिखाया गया है.
इजरायली सेना ने साल 2024 में गाजा में अपने ऑपरेशन के दौरान इन चीजों को बरामद किया था. सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ दस्तावेज भी जारी किए हैं. सेना का उद्देश्य यह दिखाना है कि कैसे छोटे-छोटे बच्चे के मन में किसी दूसरे धर्म के खिलाफ नफरत भरी जा रही है.
गौरतलब है कि याह्या सिनवर एक समय गाजा में हमास का नेतृत्व किया था. साल 2024 में वह हमास का सबसे बड़ा नेता बना था. इजरायली सेना ने एक ऑपरेशन में अक्टूबर 2024 में उसे मार गिराया. इजरायल 7 अक्टूबर 2023 के आतंकी हमले के लिए सिनवार को ही मास्टरमाइंड मानता है.