)
सोचिए अगर आप अपनी कार में बैठे हों और सड़क पर ट्रैफिक मिलते ही आपकी कार हवा में उड़ने लगे. जी हां... यह कोई फिल्म का सीन नहीं है बल्कि एलन मस्क ने इसे हकीकत में बदल दिया है. टेस्ला ने अपनी नई जनरेशन रोडस्टर (Tesla Roadster) से पर्दा उठा दिया है. इस कार में स्पेसएक्स (SpaceX) वाले रॉकेट थ्रस्टर्स लगे हैं जो इसे जमीन से हवा में उछाल सकते हैं. मस्क का दावा है कि यह इंसानों द्वारा चलाई जाने वाली आखिरी सबसे बेहतरीन कार होगी.
हवा में उड़ी कार
एलन मस्क ने अमेरिका के टेक्सास में अपनी सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित कार टेस्ला रोडस्टर को दुनिया के सामने पेश कर दिया. इस इवेंट में जो नजारा दिखा उसने वहां मौजूद हर इंसान के होश उड़ा दिए. कार ने जमीन पर दौड़ने के साथ-साथ हवा में कलाबाजियां दिखाईं. मस्क ने इस कार में हाई-पावर्ड फैंस और रॉकेट थ्रस्टर्स का ऐसा कॉम्बिनेशन लगाया है कि यह कार उल्टे रैंप पर चढ़कर हवा में घूमी और फिर मजे से जमीन पर लैंड कर गई. इतना ही नहीं... जब टेस्ला की बाकी गाड़ियां जैसे साइबरट्रक, मॉडल Y और मॉडल 3 चल रही थीं... तो यह रोडस्टर हवा में उछलकर उनके ऊपर से पार हो गई. मस्क ने कहा कि यह कोई प्रोटोटाइप नहीं है बल्कि सड़क पर आने वाली असली कार बिल्कुल ऐसी ही होगी.
Turns out the future does have flying cars https://t.co/6fexPp6SXI
— Elon Musk (@elonmusk) October 16, 2026
सिर्फ 1 सेकंड में 60 की रफ्तार..
इस नई टेस्ला रोडस्टर की स्पीड ऐसी है जो किसी भी आम इंसान को हिलाकर रख दे. यह कार 0 से 60 माइल्स प्रति घंटे की रफ्तार महज 1 सेकंड में पकड़ लेती है. मस्क ने बताया कि इसमें लगा सिस्टम कार को हवा में फुला देगा और ड्राइवर जब चाहे तब हवा में ऐसे स्टंट कर सकेगा. कंपनी ने इसे इंसानी इतिहास की सबसे कमाल की ड्राइविंग मशीन बताया है. मस्क ने हंसते हुए कहा कि जब उन्होंने अपनी टीम को पहली बार ऐसा आईडिया दिया था तो उन्हें लगा था कि मस्क पागल हो गए हैं... लेकिन अब यह सपना सच हो चुका है.
तीन खतरनाक मॉडल में आएगी यह रॉकेट कार
टेस्ला इस सुपरकार को तीन अलग-अलग ट्रिम्स या मॉडल्स में पेश करने जा रही है. पहला मॉडल है 'परफॉर्मेंस' जो आम सड़कों पर चलाने के लिए पूरी तरह तैयार है. इसमें दो सीटें होंगी और ट्रैक्स पर ग्रिप बनाने के लिए मल्टी-मोड सक्शन सिस्टम होगा. दूसरा मॉडल है 'थ्रस्ट' जो खास रेसिंग के लिए बनाया गया है. इसमें पीछे की तरफ कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स लगे हैं जो इसे 1 सेकंड से भी कम समय में भयानक स्पीड देते हैं. तीसरा और सबसे खतरनाक मॉडल है 'रॉकेट' मॉडल. इसमें सिर्फ एक इंसान के बैठने की जगह होगी और कार के चारों तरफ 10 कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स लगे होंगे जो इसे हवा में उड़ने और तैरने में मदद करेंगे.
230 माइल प्रति घंटा की स्पीड और 300 माइल की रेंज
भले ही यह कार हवा में उड़ती हो और रॉकेट थ्रस्टर्स पर चलती हो... लेकिन यह पूरी तरह से एक इलेक्ट्रिक व्हीकल ही है. कंपनी का दावा है कि इसके तीनों ही मॉडल एक बार फुल चार्ज होने पर कम से कम 300 माइल यानी करीब 480 किलोमीटर की दूरी तय कर सकेंगे. इसके साथ ही कार की टॉप स्पीड 230 माइल प्रति घंटे (लगभग 370 किमी प्रति घंटा) से भी ज्यादा होगी. यानी स्पीड के मामले में यह दुनिया की सबसे तेज कारों को भी पीछे छोड़ देगी.
बुकिंग शुरू... कीमत सुन उड़ जाएंगे आपके होश
अगर आप इस कार को खरीदना चाहते हैं तो आपको अपनी जेब बहुत ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी. टेस्ला की वेबसाइट पर इसकी बुकिंग आधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है. कार के बेस मॉडल यानी 'परफॉर्मेंस' को रिजर्व करने के लिए आपको 50,000 डॉलर यानी लगभग 48 लाख रुपये केवल बुकिंग अमाउंट देना होगा. वहीं इसके रेस-रेडी 'थ्रस्ट' मॉडल की बुकिंग फीस 250,000 डॉलर यानी 2.3 करोड़ रुपये से भी ज्यादा रखी गई है. इसके सबसे एडवांस 'रॉकेट' मॉडल के लिए कंपनी ने कोई कीमत नहीं रखी है... इसे सिर्फ चुनिंदा लोगों को 'इनवाइट ओन्ली' के जरिए बेचा जाएगा.
अंदर भरे हैं वही सिलेंडर जो उड़ाते हैं रॉकेट
टेस्ला के इंजीनियरिंग वीपी लार्स मोरावी ने बताया कि यह कार हवा में कैसे उड़ती है. इस कार के अंदर 600 लीटर हवा वाले 10 थ्रस्टर्स लगे हैं. ये थ्रस्टर्स हाई प्रेशर से हवा बाहर फेंकते हैं जिससे कार हवा में उछलती है और स्पिन करती है. खास बात यह है कि इस एयर टैंक को बार-बार रीचार्ज भी किया जा सकता है. कार के अंदर बची हुई हर खाली जगह में कार्बन फाइबर से बने प्रेशर वेसल्स (COPVs) भरे गए हैं. ये वही प्रेशर वेसल्स हैं जिनका इस्तेमाल मस्क की कंपनी स्पेसएक्स अपने अंतरिक्ष में जाने वाले रॉकेट्स में करती है.
रिवर कैन्यन पार करने का मस्क का चैलेंज
इवेंट के दौरान एलन मस्क ने एक और बड़ा धमाका किया. उन्होंने कहा कि टेस्ला अपनी इस कार से स्नेक रिवर कैन्यन (Snake River Canyon) को पार करने की कोशिश कर सकती है. आपको बता दें कि यह वही जगह है जहां मशहूर स्टंटमैन एविल नीवेल ने एक भाप से चलने वाले रॉकेट के जरिए नदी की गहरी खाई को पार करने की कोशिश की थी. मस्क का मानना है कि उनकी यह कार उस खाई को हवा में उड़कर आसानी से पार कर सकती है.
मस्क की साफ चेतावनी- जान प्यारी है तो मत खरीदना!
अगर आप इस कार में सेफ्टी ढूंढ रहे हैं तो मस्क ने पहले ही अपने हाथ खड़े कर दिए हैं. एलन मस्क ने एक पॉडकास्ट में साफ-साफ कहा था कि इस कार को बनाते समय सुरक्षा उनका पहला मकसद बिल्कुल नहीं था. मस्क ने कहा कि "अगर आप फेरारी खरीदते हैं तो आपका मकसद सेफ्टी नहीं होता. अगर आपकी प्राथमिकता सुरक्षा है तो इस टेस्ला रोडस्टर को बिल्कुल मत खरीदना." मस्क ने मजाक-मजाक में यह भी कहा कि उनकी कंपनी बस इतनी कोशिश करेगी कि इस कार से किसी की जान न जाए.
जेम्स बॉन्ड और फाइटर जेट जैसा खतरनाक लुक
इस बार टेस्ला रोडस्टर का डिजाइन पहले से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है. कार का रंग एकदम चटक सफेद है और इसका कट-आउट डिजाइन लैम्बोर्गिनी (Lamborghini) या जेम्स बॉन्ड की मशहूर लोटस एस्प्रिट कार की याद दिलाता है. टेस्ला का कहना है कि उन्होंने इस कार का डिजाइन अमेरिका के सबसे तेज टोही विमान SR-71 और फाइटर जेट F-35 से प्रेरित होकर बनाया है. देखने में यह कार किसी फ्यूचरिस्टिक स्पेसशिप जैसी लगती है.
9 साल का इंतजार... क्या 2028 में सच में आएगी?
टेस्ला ने पहली बार इस रोडस्टर का ऐलान साल 2017 में किया था. तब से लेकर अब तक लगभग 9 साल बीत चुके हैं और मस्क लगातार इसकी लॉन्च डेट टालते आ रहे हैं. कभी 2020... कभी 2021... तो कभी 2024. मस्क ने वादा किया था कि वे इसे 2025 या 2026 तक ले आएंगे... लेकिन अब उन्होंने कहा है कि यह कार फाइनली साल 2028 में सड़कों पर उतरेगी. बार-बार डेट टलने की वजह से टेक यूट्यूबर्स और दुनिया भर के बड़े-बड़े बिजनेसमैन मस्क पर सवाल उठा रहे हैं कि क्या यह कोई अप्रैल फूल का मजाक है या मस्क सच में इसे 2028 तक बाजार में उतार पाएंगे.