SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'आप इस कुर्सी के लायक नहीं...' CJI सूर्यकांत से भिड़ा वकील, ईमानदारी पर उठाए सवाल; सुप्रीम कोर्ट से निकाला गया बाहर

वकील खुद के खिलाफ चल रहे अवमानना मामले और 15 दिनों से अर्जी पर जवाब न मिलने से नाराज था. जब CJI ने तत्काल सुनवाई की मांग पर उन्हें इंतजार करने को कहा तो वकील भड़क गए. आइए जानते हैं पूरा मामला

Written By Bhoopendra Rai
Published: Nov 16, 2026, 19:18 IST | Updated: Nov 16, 2026, 19:31 IST
Image Credit: सीजेआई सूर्यकांत...(फाइल फोटो)
Join

सुप्रीम कोर्ट के कोर्टरूम में सोमवार को एक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला है. एक वकील ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत पर पर्सनल टिप्पणी कर दी, जिसके बाद उसे बाहर निकाल दिया गया. वकील अपने किसी मामले की तत्काल सुनवाई चाहता था, जिस पर CJI ने उसे इंतजार करने को कहा. यह सुनते ही वकील भड़क गया और बोला कि वे इस कुर्सी के लायक नहीं हैं. इसके बाद कोर्ट का ऑडियो-वीडियो बंद कर सुरक्षाकर्मियों के जरिए वकील को बाहर निकाल दिया गया.

दरअसल, वकील का कहना था कि उन्होंने अपना मामला 2 नवंबर को चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत के ऑफिस में पेश किया था, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है. बताया जा रहा है कि वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना (कंटेम्प्ट) के एक मामले को लेकर नाराज थे.

कोर्टरूम में क्या हुआ?

यह घटना दोपहर 2 बजे की है. वकील ने तय नियम के बिना अपना मामला उठाने के लिए पहले माफी मांगी और फिर CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच से अपने कागजात देखने की गुजारिश की. वकील ने कहा, 'यह मामला 2 नवंबर को जस्टिस सूर्यकांत के ऑफिस में जमा किया गया था. 15 दिन बीत जाने के बाद भी मुझे कोई जवाब नहीं मिला है, इसलिए मैं इस अदालत के सामने आने को मजबूर हुआ हूं.'

इस पर जस्टिस मोहना ने कहा, 'आप इस तरह किसी भी मामले का जिक्र नहीं कर सकते.' लेकिन वकील अपनी बात पर अड़े रहे और बोले, 'नहीं, मैं इसलिए आया हूं, क्योंकि यह इमरजेंसी है. मैं पहले अपनी माफी पेश करना चाहूंगा, कृपया आप बस कागजात देख लें.' इस पर CJI सूर्यकांत ने वकील से इंतजार करने को कहा और टिप्पणी की, 'हम देखेंगे, आप बस इंतजार करें.'

हालांकि, वकील ने इंतजार करने से इनकार कर दिया और CJI के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी करनी शुरू कर दी. वकील ने चिल्लाते हुए कहा, 'नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा. आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते, आप इसके लायक नहीं हैं, आपके पास इसके लिए ईमानदारी नहीं है.'

ऑडियो-वीडियो बंद कर सुरक्षाकर्मियों ने बाहर निकाला

वकील के इस बर्ताव के बाद कोर्ट की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो प्रसारण बंद कर दिया गया. इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उस वकील को कोर्टरूम से बाहर निकाल दिया. इस दौरान CJI ने याद दिलाया कि इसी वकील ने देशभर में हुए 'एंटी-CEC' प्रदर्शनों के वक्त भी CJI के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कही थीं, जिसकी वजह से उन पर अवमानना (कंटेम्प्ट) का केस शुरू हुआ था. जब CJI ने उन्हें बाहर ले जाने के लिए सुरक्षाकर्मियों को बुलाया, तो यह बात भी सामने आई कि वह सुप्रीम कोर्ट बार के सदस्य नहीं हैं.

इस दौरान वकील ने उनका साथ न देने के लिए बार पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि बेंच में CJI के साथ बैठे जस्टिस बागची और जस्टिस मोहना का तो वे सम्मान करते हैं, लेकिन CJI सूर्यकांत को इस पद के काबिल नहीं मानते और उन्हें यह कुर्सी छोड़ देनी चाहिए. वकील की इस हरकत को देखते हुए कोर्टरूम में मौजूद बाकी वकीलों ने भी CJI से उनके खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग की.

पहले भी कोर्टरूम में हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह पहली बार नहीं है जब सुप्रीम कोर्ट में ऐसी अप्रिय स्थिति बनी हो. इससे पहले जुलाई में प्रबल प्रताप नाम के एक याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट में हंगामा किया था और CJI सूर्यकांत के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था. हालांकि, उस मामले की सुनवाई कर रही बेंच (जिसमें CJI कांत शामिल नहीं थे) ने यह देखते हुए अवमानना की कार्यवाही शुरू करने से इनकार कर दिया था कि याचिकाकर्ता मानसिक रूप से परेशान लग रहा था और किसी बीमारी से जूझ रहा था.

उस घटना के बाद से सुप्रीम कोर्ट ने जब भी कोई याचिकाकर्ता व्यक्तिगत रूप से पेश होता है, तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) कार्यवाही का ऑडियो और वीडियो बंद करना शुरू कर दिया था.

जब तत्कालीन CJI पर जूता फेंकने की हुई थी कोशिश

अक्टूबर 2025 में भी एक चौंकाने वाली घटना हुई थी, जब 71 साल के वकील राकेश किशोर ने अदालती कार्यवाही के दौरान तत्कालीन CJI बीआर गवई की ओर अपना जूता फेंकने की कोशिश की थी. बताया गया था कि वकील मध्य प्रदेश के खजुराहो मंदिर परिसर में भगवान विष्णु की क्षतिग्रस्त मूर्ति की बहाली की मांग वाली याचिका पर पिछली सुनवाई के दौरान CJI गवई की ओर से की गई टिप्पणियों से नाराज था.

ये भी पढ़ें:  'आप इस कुर्सी के लायक नहीं...' CJI सूर्यकांत से भिड़ा वकील, ईमानदारी पर उठाए सवाल; सुप्रीम कोर्ट से निकाला गया बाहर
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES