)
सुप्रीम कोर्ट के कोर्टरूम में सोमवार को एक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला है. एक वकील ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत पर पर्सनल टिप्पणी कर दी, जिसके बाद उसे बाहर निकाल दिया गया. वकील अपने किसी मामले की तत्काल सुनवाई चाहता था, जिस पर CJI ने उसे इंतजार करने को कहा. यह सुनते ही वकील भड़क गया और बोला कि वे इस कुर्सी के लायक नहीं हैं. इसके बाद कोर्ट का ऑडियो-वीडियो बंद कर सुरक्षाकर्मियों के जरिए वकील को बाहर निकाल दिया गया.
दरअसल, वकील का कहना था कि उन्होंने अपना मामला 2 नवंबर को चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत के ऑफिस में पेश किया था, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है. बताया जा रहा है कि वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना (कंटेम्प्ट) के एक मामले को लेकर नाराज थे.
यह घटना दोपहर 2 बजे की है. वकील ने तय नियम के बिना अपना मामला उठाने के लिए पहले माफी मांगी और फिर CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच से अपने कागजात देखने की गुजारिश की. वकील ने कहा, 'यह मामला 2 नवंबर को जस्टिस सूर्यकांत के ऑफिस में जमा किया गया था. 15 दिन बीत जाने के बाद भी मुझे कोई जवाब नहीं मिला है, इसलिए मैं इस अदालत के सामने आने को मजबूर हुआ हूं.'
इस पर जस्टिस मोहना ने कहा, 'आप इस तरह किसी भी मामले का जिक्र नहीं कर सकते.' लेकिन वकील अपनी बात पर अड़े रहे और बोले, 'नहीं, मैं इसलिए आया हूं, क्योंकि यह इमरजेंसी है. मैं पहले अपनी माफी पेश करना चाहूंगा, कृपया आप बस कागजात देख लें.' इस पर CJI सूर्यकांत ने वकील से इंतजार करने को कहा और टिप्पणी की, 'हम देखेंगे, आप बस इंतजार करें.'
हालांकि, वकील ने इंतजार करने से इनकार कर दिया और CJI के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी करनी शुरू कर दी. वकील ने चिल्लाते हुए कहा, 'नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा. आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते, आप इसके लायक नहीं हैं, आपके पास इसके लिए ईमानदारी नहीं है.'
वकील के इस बर्ताव के बाद कोर्ट की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो प्रसारण बंद कर दिया गया. इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उस वकील को कोर्टरूम से बाहर निकाल दिया. इस दौरान CJI ने याद दिलाया कि इसी वकील ने देशभर में हुए 'एंटी-CEC' प्रदर्शनों के वक्त भी CJI के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कही थीं, जिसकी वजह से उन पर अवमानना (कंटेम्प्ट) का केस शुरू हुआ था. जब CJI ने उन्हें बाहर ले जाने के लिए सुरक्षाकर्मियों को बुलाया, तो यह बात भी सामने आई कि वह सुप्रीम कोर्ट बार के सदस्य नहीं हैं.
इस दौरान वकील ने उनका साथ न देने के लिए बार पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि बेंच में CJI के साथ बैठे जस्टिस बागची और जस्टिस मोहना का तो वे सम्मान करते हैं, लेकिन CJI सूर्यकांत को इस पद के काबिल नहीं मानते और उन्हें यह कुर्सी छोड़ देनी चाहिए. वकील की इस हरकत को देखते हुए कोर्टरूम में मौजूद बाकी वकीलों ने भी CJI से उनके खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग की.
यह पहली बार नहीं है जब सुप्रीम कोर्ट में ऐसी अप्रिय स्थिति बनी हो. इससे पहले जुलाई में प्रबल प्रताप नाम के एक याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट में हंगामा किया था और CJI सूर्यकांत के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था. हालांकि, उस मामले की सुनवाई कर रही बेंच (जिसमें CJI कांत शामिल नहीं थे) ने यह देखते हुए अवमानना की कार्यवाही शुरू करने से इनकार कर दिया था कि याचिकाकर्ता मानसिक रूप से परेशान लग रहा था और किसी बीमारी से जूझ रहा था.
उस घटना के बाद से सुप्रीम कोर्ट ने जब भी कोई याचिकाकर्ता व्यक्तिगत रूप से पेश होता है, तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) कार्यवाही का ऑडियो और वीडियो बंद करना शुरू कर दिया था.
अक्टूबर 2025 में भी एक चौंकाने वाली घटना हुई थी, जब 71 साल के वकील राकेश किशोर ने अदालती कार्यवाही के दौरान तत्कालीन CJI बीआर गवई की ओर अपना जूता फेंकने की कोशिश की थी. बताया गया था कि वकील मध्य प्रदेश के खजुराहो मंदिर परिसर में भगवान विष्णु की क्षतिग्रस्त मूर्ति की बहाली की मांग वाली याचिका पर पिछली सुनवाई के दौरान CJI गवई की ओर से की गई टिप्पणियों से नाराज था.