App

योगी सरकार का बड़ा फैसला: 2027 चुनाव से पहले जनता से होगा सीधा संवाद, गोरखपुर से होगी शुरुआत

चुनाव से पहले बीजेपी जनता से सीधे जुड़ने जा रही है. बीजेपी प्रदेश स्तर पर जनता से संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी. इसमें जनता के सुझाव और उनके अनुभव सुनने पर जोर दिया जाएगा.

योगी सरकार का बड़ा फैसला: 2027 चुनाव से पहले जनता से होगा सीधा संवाद, गोरखपुर से होगी शुरुआत
Image Credit: File Photo

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी जनता से सीधे जुड़ने की नई पहल करने जा रही है. पार्टी के प्रदेशव्यापी जनचौपाल अभियान की शुरुआत 19 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गृह जनपद गोरखपुर से करेंगे. इसके लिए गोरखपुर महानगर के दीनदयाल नगर मंडल को चुना गया है. मुख्यमंत्री योगी टाउन हॉल मैदान में जनचौपाल लगाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे.

सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद

बीजेपी प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने बताया कि इस जनचौपाल का मकसद सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है. इसमें सीएम खुद लोगों के बीच मौजूद रहेंगे. आम लोग अपनी समस्याएं, सुझाव और सरकारी योजनाओं से जुड़े अनुभव सीधे उनके सामने रख सकेंगे. यानी इस कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ जनता की बात सुनने पर भी जोर रहेगा.

सरकार की उपलब्धियों को जन तक पहुंचाना

विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा इस अभियान के जरिए सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना चाहती है. पार्टी की कोशिश है कि सरकारी योजनाओं की जानकारी केवल प्रचार माध्यमों या संगठन के जरिए ही नहीं, बल्कि सीएम के सीधे संवाद के माध्यम से भी लोगों तक पहुंचे. इसके साथ ही जनचौपाल के जरिए योगी सरकार को जनता की प्रतिक्रिया जानने और स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं को समझने का मौका मिलेगा.

मथुरा में दो दिवसीय चिंतन करेगी बीजेपी

बीजेपी मथुरा में दो दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन कर रही है. इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ ही 6 संगठनात्मक क्षेत्रों के प्रभारी और प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य शामिल होंगे. चिंतन बैठक में बूथ स्तर पर सक्रियता, शक्ति केंद्रों, मतदाताओं से घर-घर जाकर संपर्क साधने और अलग-अलग वर्गों से भी जुड़ने की रणनीति तय होगी.

युवाओं और महिलाओं को जोड़ने पर फोकस

इसके अलाव नए मतदाताओं, युवाओं, महिलाओं के साथ जुड़ाव पर खास फोकस रहेगा. साथ ही विपक्ष के हमलों का जवाब देने की रणनीति भी तय की जाएगी. छोटी-छोटी चुनावी सभाओं से लेकर जिला और मंडल स्तर की सांगठनिक बैठकों के जरिये कार्यकर्ताओं को चुनावी मोर्चे के लिए तैयार किया जाएगा. पार्टी की रणनीति केवल बड़े नेताओं की रैलियों तक सीमित रहने की नहीं है. स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं से संवाद और कमजोर बूथों को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा. 

(विशाल सिंह की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More