इंसानियत शर्मसारः मां गई मायके तो पिता ने ढाई साल के बच्चे पर पेट्रोल छिड़क कर लगा दी आग, दर्दनाक मौत
परवरिश की जिम्मेदारी को बोझ समझकर आरोपी पिता ने ढाई साल के बेटे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. बुरी तरह से झुलसे बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
गुजरात के वाव-थराद जिले से एक दिल-दहलाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने अपने ढाई साल के बेटे को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया. बताया जा रहा है कि पत्नी के मायके जाने पर बेटे को पालने की जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई थी. बेटे की परवरिश को वह बोझ समझने लगा था और इसीलिए उसने इतना खतरनाक कदम उठाया. बच्चे के दादा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, बेटे को आग लगाने के बाद वह उसे अस्पताल भी लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पकड़े जाने के डर से उसने आनन-फानन में बच्चे का अंतिम संस्कार करते हुए शव को पास के ही कब्रिस्तान में दफना दिया. हालांकि, जब युवक के चाचा को इस घटना के बारे में पता चला तो वह पुलिस के पास चले गए.
बोझ लगने लगा था बच्चा
आरोपी पिता की पहचान अशोक जीताभाई रावल के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, करीब 3 महीने आरोपी अशोक रावल का उसकी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पत्नी नाराज होकर मायके चली गई थी. ढाई साल के बेटे को वह पिता के पास ही छोड़कर चली गई थी. वहीं, आरोपी अशोक को बच्चे की देखभाल करना बोझ लग रहा था.
बच्चे की जिम्मेदारी से पीछा छुड़ाने के लिए आरोपी ने मासूम पर पेट्रेल डालकर आग दी, जिससे बच्चा बुरी तरह से झुलस गया. मौत से पहले बच्चे का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह झुलसा हुआ एक खाट पर बैठा दिखाई दे रहा था. यह वीडियो किसी को भी विचलित कर सकता है.
आरोपी के चाचा ने दर्ज कराई FIR
घटना को छिपाने के लिए आरोपी ने अपने कुछ पारिवारिक सदस्यों के साथ मिलकर बच्चे के शव को सामुदायिक कब्रिस्तान में दफना दिया. उधर, आरोपी के चाचा बाबूभाई रावल को इस दुखद घटना की जानकारी मिल गई. अपने भतीजे की करतूत से वह बहुत दुखी हुए और उसे सजा दिलाने के लिए पुलिस के पास पहुंच गए. पुलिस ने भी उनकी शिकायत दर्ज करके त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक को धर-दबोचा. बच्चे के शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
घटना ने लोगों को हैरान कर दिया
आरोपी ने पुलिस हिरासत में अपने गुनाह को कबूल कर लिया है. इस घटना ने समाज में गैर-जिम्मेदार मां-बाप पर एक नई बहस को जन्म दे दिया है. सोशल मीडिया पर भी इस मामले की काफी चर्चा हो रही है. लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि कोई पिता अपने बच्चे के साथ इतनी बर्बरता कैसे कर सकता है.
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों का कहना है कि जब बच्चों का पालन-पोषण करने में इतनी ज्यादा दिक्कत समझ में आती है, तो ऐसे लोग बच्चों को जन्म ही क्यों देते हैं. सोशल मीडिया पर लोग आरोपी पिता को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं.