कैदी की करतूत: मेडिकल चेकअप के बाद महिला डॉक्टर को जड़ा थप्पड़, पुलिस वाले भी चौंके
महाराष्ट्र के वर्धा में मेडिकल चेकअप के लिए आए एक आरोपी ने पुलिस के सामने ही महिला डॉक्टर को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया. इस घटना को लेकर मेडिकल एसोसिएशन में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है.
महाराष्ट्र के वर्धा से एक ऐसी खबर सामने आई, जिसने प्रदेश में डॉक्टरों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. दरअसल, यहां एक आरोपी ने मेडिकल जांच के तुरंत बाद अचानक से महिला डॉक्टर को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया. इस घटना से वहां मौजूद पुलिसवाले भी हैरान हो गए. घटना वर्धा के तलेगांव (शामजी) प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई. आरोपी का नाम कादिर अली रज्जाक बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी कादिर अली को कोर्ट में पेश करने से पहले मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाया गया था. उसके साथ 5 पुलिसकर्मी भी आए थे.
घटना का वीडियो वायरल
पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही उसका मेडिकल चेकअप किया गया. चेकअप खत्म होते ही डॉक्टर ने उससे एक कागज पर साइन करने को कहा. कागज में हस्ताक्षर करने के तुरंत बाद आरोपी ने उस महिला डॉक्टर को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया. यह पूरी घटना पीएचसी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घटना क्यों हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है.
मेडिकल एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
वहीं, घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया. अब आरोपी के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर हमला और ड्यूटी में बाधा डालने की धाराओं में अलग से मामला दर्ज किया गया है. उधर, इस घटना के बाद वर्धा जिले के डॉक्टरों और मेडिकल एसोसिएशन में भारी नाराजगी है. डॉक्टरों ने आरोपी पर सख्त कार्रवाई और पीएचसी में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
पहले भी हुए डॉक्टर पर हमले
इससे पहले बीते महीने दही हांडी उत्सव के दौरान मानव पिरामिड बनाते समय घायल हुए लोगों को पालघर के अस्पताल लाया गया था. डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की प्रतिक्रिया सामने आई थी. डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पालघर शहर के शिवसेना जिलाध्यक्ष राहुल घरत को पार्टी से निलंबित कर निष्कासित कर दिया था. उन्होंने कहा था कि डॉक्टरों या अस्पताल कर्मचारियों के साथ मारपीट किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है.
रिपोर्ट- आईएएनएस
ये भी पढ़ें- मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया 1.83 करोड़ का सोना, CISF को बड़ी कामयाबी; श्रीलंकाई यात्री सहित 2 गिरफ्तार