मुंबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने अपनी सतर्कता और खुफिया जानकारी के दम पर सोने की तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई के दौरान लगभग 1.83 करोड़ रुपये का संदिग्ध सोना बरामद किया गया है. मामले में श्रीलंका के एक ट्रांजिट पैसेंजर और एक एयरलाइन कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है.
यह घटना 21 अक्टूबर की है. CISF के अनुसार, एयरपोर्ट के बोर्डिंग गेट नंबर 65 के पास एक लिफ्ट में श्रीलंका से आए अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट यात्री ने चुपचाप एयरलाइन के एक कर्मचारी को एक पैकेट थमाया. इस पैकेट के अंदर सोने के पेस्ट जैसे दिखने वाले तीन अंडाकार पदार्थ छिपाए गए थे. हालांकि, वहां तैनात CISF के सतर्क जवानों की नजर इन दोनों की संदिग्ध हरकतों पर पड़ गई और उन्होंने तुरंत दोनों को मौके पर ही धर दबोचा.
मौके पर पकड़े जाने के बाद CISF ने दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के लिए कस्टम्स डिपार्टमेंट और एयरपोर्ट इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) के हवाले कर दिया. कस्टम्स और AIU अधिकारियों ने जब्ती की जांच की, तो पता चला कि बरामद किए गए संदिग्ध पदार्थों का कुल वजन लगभग 1,490 ग्राम है. जांच में यह बात सामने आई कि यह 24 कैरेट सोने के तीन टुकड़े हैं, जिनकी आज की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.83 करोड़ रुपये आंकी गई है.
कस्टम्स और AIU के अधिकारियों ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सक्षम अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें आगे की प्रक्रिया के तहत भेजा गया है. इस घटना के बाद CISF ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि देश के हवाई अड्डों पर किसी भी तरह की अवैध तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए उनके जवान पूरी तरह मुस्तैद और सतर्क हैं. एयरपोर्ट पर सुरक्षा और निगरानी का यह कड़ा पहरा आगे भी इसी तरह जारी रहेगा ताकि गैर-कानूनी गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके.