बंगाल की खाड़ी के सिस्टम ने ओडिशा में मचाई तबाही, अब 19 राज्यों पर आफत के बादल, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट
उत्तर-पश्चिम भारत से भले ही मॉनसून अब धीरे-धीरे विदा ले रहा हो, लेकिन पूरब की तरफ से एक नए समुद्री बवंडर ने दस्तक दे दी है. 24 सितंबर के लिए मौसम विभाग ने देश के 19 राज्यों में झमाझम बारिश और तेज आंधी का बड़ा अलर्ट जारी किया है. आइए जानते हैं..
एक तरफ जहां देश के कई हिस्सों से मॉनसून अलविदा हो रहा है तो वहीं बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम ने पूर्वी भारत में अचानक मौसम का मिजाज बदल दिया है. ओडिशा में बाढ़ जैसे हालात हैं. यहां 23 सितंबर को अचानक हुई बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव की वजह से ओडिशा में हालात पहले ही बिगड़ने लगे हैं और अब मौसम विभाग ने देश के 19 राज्यों में झमाझम बारिश और तेज आंधी का बड़ा अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में उठा तूफानी चक्रवात (गहरा दबाव) तेजी से आगे बढ़ रहा है. यह 23 सितंबर की रात तक आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों से टकराएगा. इसके असर से कलिंगपट्टनम के आसपास के समुद्री और तटीय इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश हो सकती है. अगर आप कल घर से बाहर निकलने की सोच रहे हैं, तो पहले जान लीजिए कि मौसम का मिजाज आपके इलाके में कैसा रहने वाला है.
इन राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि गुरुवार को तेलंगाना, दक्षिणी ओडिशा और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कुदरत का सबसे कड़ा इम्तिहान होने वाला है. यहां 204 मिमी से भी ज्यादा अत्यधिक मूसलाधार बारिश का अनुमान है. इसके अलावा बिहार, झारखंड, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बादलों का डेरा रहेगा और यहां भारी से बहुत भारी बारिश (12 से 20 सेमी तक) दर्ज की जा सकती है.
समुद्र में 75 किमी की रफ्तार से हवाएं, मछुआरों को चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में बना यह सिस्टम तटों से टकराते वक्त बेहद खतरनाक रूप ले सकता है. आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के समुद्री तटों पर 55 से लेकर 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. समुद्र में ऊंची लहरों और तूफानी मौसम को देखते हुए प्रशासन ने मछुआरों को सख्त हिदायत दी है कि वे 24 सितंबर तक पानी में बिल्कुल न उतरें.
इन जिलों में अचानक बाढ़ (Flash Flood) का मंडरा रहा खतरा
लगातार हो रही बारिश के कारण ओडिशा के पुरी, कटक, खुर्दा, गंजम और कोरापुट जैसे जिलों में अचानक बाढ़ आने की गंभीर चेतावनी दी गई है. वहीं आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम और विजयनगरम, छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-नारायणपुर और तेलंगाना के खम्मम व मुलुगु के निचले इलाकों में पानी भरने का डर बना हुआ है. इन इलाकों के ड्रेनेज और कैचमेंट एरिया में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है.
यूपी-बिहार और एमपी में कैसा रहेगा मौसम?
पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में बादलों की जोरदार वापसी हो रही है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पूर्वी यूपी में 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे दिन के तापमान में 6 से 9 डिग्री तक की बड़ी गिरावट आएगी और अच्छी-खासी ठंडक महसूस होगी. बिहार में भी 29 सितंबर तक रुक-रुक कर आंधी और आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश का दौर जारी रहेगा. वहीं मध्य प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में छिटपुट बौछारें पड़ने की उम्मीद है.
दिल्ली-एनसीआर में क्या बारिश होगी?
अगर आप दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है. राजधानी और आसपास के इलाकों से मॉनसून पूरी तरह पीछे हट चुका है, इसलिए यहां बारिश के आसार नहीं हैं. 24 सितंबर को दिनभर धूप खिली रहेगी और आसमान साफ रहेगा. दिन का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री के आसपास रह सकता है, हालांकि शाम होते-होते करीब 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं चलने से मौसम सुहाना रहेगा.
ये भी पढ़ें: IIT Bombay में एग्जाम देते साहिल की सामने आई CCTV फुटेज, टीचर ने टोका तो बेंच से उठ गया!