App

IIT Bombay में एग्जाम देते साहिल की सामने आई CCTV फुटेज, टीचर ने टोका तो बेंच से उठ गया!

आईआईटी बॉम्बे के 20 साल के छात्र साहिल वाकोड़े की मौत के मामले में एक बड़ा मोड़ आ गया है. जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन परीक्षा हॉल के अंदर क्या हुआ था, उसका एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है.

 IIT Bombay में एग्जाम देते साहिल की सामने आई CCTV फुटेज, टीचर ने टोका तो बेंच से उठ गया!
Image Credit: छात्र साहिल वाकोड़े की मौत के मामले में एक बड़ा मोड़ आया

आईआईटी बॉम्बे में 20 वर्षीय छात्र साहिल वाकोड़े की खुदकुशी के मामले में एग्जाम हॉल का एक अहम सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. 54 सेकेंड का यह फुटेज 18 सितंबर का बताया जा रहा है, जब छात्र पेपर दे रहे थे. फुटेज में दिख रहा है कि साहिल वाकोड़े काले रंग की टी-शर्ट पहने सबसे आगे वाली पहली बेंच पर बैठा हुआ है. क्लासरूम में तीन पर्यवेक्षक निगरानी कर रहे हैं. पेपर खत्म होने से ठीक पहले जब प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला  ने साहिल को टोका, तो वह अपनी सीट से खड़ा हो गया.

इसके बाद छात्र से मोबाइल और ऑन्सर शीट ले ली जाती है. यह घटना 18 सितंबर दोपहर 12:38 बजे की है. बताया जा रहा है कि परीक्षा समाप्त होने से करीब 20 मिनट पहले साहिल कथित तौर पर मोबाइल फोन में देखने की कोशिश कर रहा था. 

आंसर शीट ली, मोबाइल जमा कराया और हॉल से बाहर ले गए

फुटेज के अंतिम हिस्से में दिख रहा है कि प्रोफेसर डूला छात्र साहिल को परीक्षा हॉल से बाहर ले जा रहे हैं. साहिल अपनी बेंच से उठकर प्रोफेसर के साथ शांति से एग्जामिनेशन हॉल से बाहर चला जाता है.

बताया जा रहा है कि परीक्षा हॉल से बाहर ले जाए जाने के कुछ ही समय बाद साहिल का शव उसके हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला था. इस घटना के बाद से ही आईआईटी बॉम्बे का कैंपस सुलग रहा है. न्याय की मांग को लेकर छात्र दिन-रात धरने पर बैठे हैं. संस्थान प्रशासन का दावा था कि छात्र को सिर्फ परीक्षा में फोन इस्तेमाल करने के चलते नियमों की जानकारी और सामान्य काउंसलिंग दी गई थी.

परिजनों का क्या आरोप है?

इधर, साहिल के परिजनों और आंदोलनकारी छात्रों का आरोप बिल्कुल अलग है. उनका कहना है कि एग्जामिनेशन हॉल से बाहर ले जाने के बाद साहिल के साथ गंभीर मानसिक उत्पीड़न, घोर अपमान और जातिगत भेदभाव किया गया. इसी असहनीय मानसिक दबाव और बेइज्जती के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया.

प्रोफेसर पर केस दर्ज, क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच

इस मामले की गंभीरता और छात्रों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए मुंबई पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. अब इस मामले की जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच (DCB CID) को सौंप दी गई है. जांच एजेंसियां इस सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर उस 20 मिनट और उसके बाद परीक्षा हॉल से बाहर हुए हर घटनाक्रम की कड़ियों को बारीकी से जोड़ने में जुटी हैं, ताकि छात्र की मौत के पीछे की असली वजह सामने आ सके.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More