)
हरियाणा में अक्टूबर के दूसरे हाफ में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले सात दिनों तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रहने की उम्मीद है. इस दौरान बारिश की संभावना बहुत कम है. हालांकि, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 24 अक्टूबर के आसपास पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर समेत उत्तरी हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.
दिन में गर्मी, रात में हल्की ठंडक
राज्य के कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. दिन में धूप खिलने से मौसम गर्म महसूस हो रहा है, जबकि शाम और रात के तापमान में थोड़ी गिरावट आ रही है, जिससे हल्की ठंडक महसूस हो रही है. महेंद्रगढ़ और नारनौल में भी दिन और रात के तापमान में काफी अंतर दर्ज किया गया. महेंद्रगढ़ में धिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि नारनौल में 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. फरीदाबाद में राज्य में सबसे अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हिसार में 32.5 डिग्री सेल्सियस, चंडीगढ़ में 32.4 डिग्री सेल्सियस, सिरसा में 32.3 डिग्री सेल्सियस और भिवानी में 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव
रात का तापमान देखें तो नारनौल में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री ज्यादा 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम के फर्रुखनगर में 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा, हिसार में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 16.5 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 18.6 डिग्री सेल्सियस और चंडीगढ़ में 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा.
किसानों के लिए मौसम कैसा रहेगा?
करनाल के एग्रीकल्चर विभाग के डिप्टी डायरेक्टर जसविंद्र सिंह की मानें तो अगले कुछ दिनों तक मौसम सूखा रहने का अनुमान है, जिससे खेतों में काम कर रहे किसानों को राहत मिल सकती है. आलू, पत्तागोभी और सरसों की बुआई या रोपाई की तैयारी कर रहे किसान स्थानीय खेती की सलाह और मिट्टी की नमी की स्थिति को ध्यान में रखकर ऐसा कर सकते हैं. 24 अक्टूबर के आसपास उत्तरी हरियाणा में हल्की बूंदाबांदी की संभावना के साथ किसानों को मौसम के नए अनुमान पर नजर रखनी चाहिए.
26 अक्टूबर तक हरियाणा में मौसम का हाल कैसा रहेगा?
20 अक्टूबर को हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहने की उम्मीद है. बारिश की संभावना बहुत कम है. दिन में अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम तापमान 17°C के आसपास रहने की उम्मीद है.
21 अक्टूबर को भी धूप खिली रहने की उम्मीद है. दोपहर में गर्मी बढ़ सकती है और अधिकतम तापमान 34°C तक पहुंचने की उम्मीद है.
22 अक्टूबर को सुबह या दिन में कुछ इलाकों में कोहरा जैसा माहौल रह सकता है. हालांकि, बारिश की संभावना कम है. वहीं 23 अक्टूबर को राज्य में मौसम ज्यादातर सूखा रहने की उम्मीद है. दिन में तेज धूप खिली रहने के आसार है.
24 अक्टूबर से मौसम में बदलाव की उम्मीद है. शनिवार को कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं और गरज के साथ बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम तापमान 18°C के आसपास रहने की उम्मीद है. बारिश का असर जगह के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है.
25 अक्टूबर को मौसम में सुधार होने की उम्मीद है, आसमान ज्यादातर साफ रहेगा. बारिश की संभावना कम है. अधिकतम तापमान में 1°C की गिरावट आएगी और न्यूनतम तापमान बढ़ने की उम्मीद है.
26 अक्टूबर को तेज धूप निकलने की उम्मीद है. दिन का तापमान फिर से बढ़कर 34°C के आसपास हो सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 18°C के आसपास रहने की उम्मीद है. इस दौरान बारिश की संभावना कम है.