App

हरियाणा में दो लोगों पर की थी फायरिंग, एक की मौत, पति-पत्नी गिरफ्तार

झज्जर में दो लोगों पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के अंदर पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों की पहचान गांव मांडोठी निवासी मुकेश और उसकी पत्नी के रूप में हुई है.

हरियाणा में दो लोगों पर की थी फायरिंग, एक की मौत, पति-पत्नी गिरफ्तार
Image Credit: झज्जर में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है.

हरियाणा के झज्जर जिले में दो लोगों पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के अंदर पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव मांडोठी निवासी मुकेश और उसकी पत्नी के रूप में हुई है. ये कार्रवाई डीसीपी बहादुरगढ़ शुभम सिंह के दिशा-निर्देश पर की गई. थाना आसौदा के अंतर्गत चौकी मांडोठी की पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी, एक रिवॉल्वर, एक डोगा गन, 15 जिंदा कारतूस और दो खाली कारतूस के खोल बरामद किए हैं.। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.

उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया

इस वारदात में घायल जोगिंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई है. उप निरीक्षक जयभगवान ने बताया कि 9 नवंबर 2026 की रात गांव मांडोठी में आपसी रंजिश के चलते हथियारों से लैस आरोपियों ने हरदीप और उसके दोस्त जोगिंद्र पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी. इस दौरान दोनों को गोलियां लगीं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर घटना वाली जगह का निरीक्षण करवाया गया.

घायल हरदीप के पिता बल्लू की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ थाना आसौदा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था. थाना प्रबंधक उप निरीक्षक जयभगवान ने बताया कि डीसीपी बहादुरगढ़ शुभम सिंह के दिशा-निर्देशन में चौकी मांडोठी की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद पति-पत्नी को वारदात के 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने क्या बरामद किए? 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी, एक रिवॉल्वर, एक डोगा गन, 15 जिंदा कारतूस और दो खाली कारतूस के खोल बरामद किए हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से महिला आरोपी को एक दिन तथा पुरुष आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है. थाना प्रबंधक ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों तथा हथियारों से जुड़े विभिन्न पहलुओं के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है.

(झज्जर से सुमित थारण की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More