)
Faridabad News: फरीदाबाद के सीही गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खेलते समय करीब तीन साल की बच्ची खुले बोरवेल में गिर गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को बोरवेल से सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया.
बताया जा रहा है कि बच्ची का नाम नेहा है, जो कि गांव में खेल रही थी. वहां ही नगर निगम का बोरवेल लगा हुआ है और यहां एक ट्रैक्टर भी खड़ा था. खेलते-खेलते बच्चे ट्रैक्टर पर ही चढ़ गए. इसी दौरान नेहा अचानक ट्रैक्टर से150 फीट खुले पड़े बोरवेल में गिर गई. बच्ची के बोरवेल में गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी बच्ची के सुरक्षित बाहर आने का इंतजार कर रहे हैं. फिलहाल ऑक्सीजन नीचे भेजने का किया जा रहा है.
15 साल पहले बंद हुआ था बोरवेल
नगर निगम के XEN संजीव कुमार ने बताया कि बोरवेल करीब 15 साल पहले बंद हुआ था. उस समय निगम ने ढक्कन लगाकर बोरवेल को बंद कर दिया था. हालांकि, बाद में ढक्कन हटाए जाने की जानकारी निगम अधिकारियों को नहीं मिली. अब मामले की जांच की जाएगी. जांच में अगर जिसकी भी लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
UP का है रहने वाला हैपरिवार
बता दें कि बच्ची के पिता रामदीन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले का रहने वाला है. वह पिछले कई सालों से फरीदाबाद के सीही गांव में अपने परिवार के साथ रह रहा है और मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता है. उसके परिवार में पत्नी और बच्चे भी हैं.
पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला हुआ है. इसके साथ ही राहत एवं बचाव दल को भी मौके पर बुलाया गया. बचाव टीम बोरवेल के आसपास खुदाई और अन्य जरूरी प्रक्रिया के जरिए बच्ची तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. टीम लगातार बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हुई है.
(फरीदाबाद से जय प्रकाश भाटी की रिपोर्ट)