App

हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा, टैंक की चपेट में आने से दो जवानों की मौत

हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया. इस दौरान टैंक की चपेट में आने से दो जवानों की मौत हो गई. ये घटना 21 नवंबर की बताई जा रही है.

हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा, टैंक की चपेट में आने से दो जवानों की मौत
Image Credit: हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आने से दो जवानों की मौत (File Photo)

हरियाणा के हिसार में सैन्य जवानों की ट्रेनिंग के दौरान दो जवान टैंक की चपेट में आ गए. उन्हें मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. मिली जानकारी के अनुसार, मृत जवानों की पहचान शामली के रहने वाले मनीष कुमार और यूपी के बदायूं के रहने वाले अंकुश कुमार के रूप में हुई है. इस घटना के बाद से दोनों जवान के परिवार में मातम का माहौल है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

कैसे हुआ ये हादसा?

बता दें कि ये पूरी घटना हिसार के भोजराज सैन्य प्रशिक्षण केंद्र की है. यह घटना 21 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे कॉम्बैट ट्रेनिंग एक्सरसाइज के दौरान हुई, जिसमें 32 टैंक शामिल थे. ऐसा कहा जा रहा है कि एक्सरसाइज के दौरान काफी धूल थी, जिस वजह से टैंक ड्राइवर को सही से दिखाई नहीं दे रहा है, जिसके बाद टैंक आगे खड़े दो सैनिकों के ऊपर चढ़ गया.  

इस दौरान दोनों सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें हिसार मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. इस घटना की जानकारी सीनियर आर्मी अधिकारियों को दी गई. वहीं, 22 नवंबर को हिसार पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू की और 22 नवंबर को पोस्टमार्टम किया गया.

क्या बोले जांच अधिकारी?

इस पूरी घटना को लेकर हिसार पुलिस में जांच अधिकारी अशोक कुंडू ने कहा कि दोपहर करीब 3:00 बजे जानकारी मिली कि भोजराज गांव में आर्मी ट्रेनिंग सेंटर में मिलिट्री एक्सरसाइज चल रही है. इस एक्सरसाइज के दौरान एक घटना हुई जिसमें हमारे दो सैनिक शहीद हो गए. यह दुखद घटना ट्रेनिंग के दौरान हुई. जानकारी मिलने पर हिसार पुलिस ने जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू की. 

उन्होंने बताया कि अस्पताल से रिपोर्ट मिली और 22 नवंबर को उनके परिवारों के बयान के बाद, पोस्टमार्टम किया गया. जब यह घटना हुई तो टैंक और गाड़ियां एक्सरसाइज में शामिल थीं. उन्होंने आगे कहा कि हिसार पुलिस इन बहादुर सैनिकों की याद को हमेशा सम्मान देगी. देश के लिए उनकी शहादत को पूरे सम्मान के साथ याद किया जाएगा. सैनिक शामली के नायक मनीष कुमार और उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के नायक अंकुश कुमार थे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 2 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.ISOMES कॉलेज से BJMC करने के बाद रंजना ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में काम किया है. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं.रंजना कुमारी से आप Ranjana.Kumari@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More