)
हरियाणा में वन विभाग की नौकरी पाने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए अब असली परीक्षा की घड़ी आ गई है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की ओर से फॉरेस्ट गार्ड, फॉरेस्टर और डिप्टी रेंजर के 831 पदों पर भर्ती के लिए 23 से 30 नवंबर तक फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा. करनाल के गांव दादूपुर खुर्द स्थित आउटर रिंग रोड पर होने वाले इस टेस्ट में 16 हजार 424 अभ्यर्थी अपनी शारीरिक क्षमता और सहनशक्ति का प्रदर्शन करेंगे. खास बात यह है कि इस बार पूरी प्रक्रिया को हाईटेक तकनीक से जोड़ा गया है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी, फर्जीवाड़े और दूसरे की जगह परीक्षा देने की गुंजाइश न रहे.
25KM की दौड़, चार घंटे में तय करना होगा लक्ष्य
इस भर्ती प्रक्रिया में पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग शारीरिक मानक निर्धारित किए गए हैं. पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे के भीतर 25 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी. दौड़ के लिए 12.5 किलोमीटर का ट्रैक तैयार किया गया है, जहां से पुरुष अभ्यर्थी यू-टर्न लेकर निर्धारित दूरी पूरी करेंगे. फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट यानी PMT पास कर चुके 16,424 अभ्यर्थियों में 12,404 पुरुष और 4,020 महिलाएं शामिल हैं.
बायोमेट्रिक से ट्रैकिंग चिप तक, हर कदम पर रहेगी नजर
इस बार फिजिकल टेस्ट केवल दौड़ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अभ्यर्थियों की पूरी गतिविधि पर तकनीक के जरिए नजर रखी जाएगी. प्रवेश से पहले आधार आधारित सत्यापन, बायोमेट्रिक, फोटो और फिंगरप्रिंट से पहचान सुनिश्चित की जाएगी. इसके बाद प्रत्येक अभ्यर्थी को बिब नंबर और ट्रैकिंग चिप दी जाएगी. ट्रैक पर निर्धारित दूरी पर लगाई गई विशेष स्ट्रिप्स से गुजरते ही अभ्यर्थी की लोकेशन और दौड़ का रिकॉर्ड कंप्यूटर सिस्टम में दर्ज होता रहेगा. इतना ही नहीं, अंतिम छोर पर लगाई गई एलईडी स्क्रीन पर अभ्यर्थी अपना समय और लाइव परिणाम भी देख सकेंगे. अगर कोई अभ्यर्थी एक से अधिक पदों के लिए शॉर्टलिस्ट हुआ है तो उसे फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट केवल एक बार ही देना होगा.
इस बार फिजिकल टेस्ट केवल दौड़ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अभ्यर्थियों की पूरी गतिविधि पर तकनीक के जरिए नजर रखी जाएगी. प्रवेश से पहले आधार आधारित सत्यापन, बायोमेट्रिक, फोटो और फिंगरप्रिंट से पहचान सुनिश्चित की जाएगी. इसके बाद प्रत्येक अभ्यर्थी को बिब नंबर और ट्रैकिंग चिप दी जाएगी. ट्रैक पर निर्धारित दूरी पर लगाई गई विशेष स्ट्रिप्स से गुजरते ही अभ्यर्थी की लोकेशन और दौड़ का रिकॉर्ड कंप्यूटर सिस्टम में दर्ज होता रहेगा. इतना ही नहीं, अंतिम छोर पर लगाई गई एलईडी स्क्रीन पर अभ्यर्थी अपना समय और लाइव परिणाम भी देख सकेंगे. अगर कोई अभ्यर्थी एक से अधिक पदों के लिए शॉर्टलिस्ट हुआ है, तो उसे फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट केवल एक बार ही देना होगा.
अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं. करनाल के नए बस स्टैंड, पुराने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से परीक्षा स्थल तक आने-जाने के लिए फ्री बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी. अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे. वहीं ट्रैक पर प्रत्येक 500 मीटर की दूरी पर पीने के पानी की व्यवस्था होगी. पूरे क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीमें और एंबुलेंस तैनात रहेंगी. इसके अलावा बैगेज काउंटर और कैंटीन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.
1-2 महीने में परिणाम घोषित करने का लक्ष्य, हजारों और भर्तियों की तैयारी
HSSC के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं. इंपर्सोनेशन यानी किसी दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने जैसी गड़बड़ी रोकने के लिए कई स्तरों पर पहचान सत्यापन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट संपन्न होने के एक से दो महीने के भीतर परिणाम घोषित करने का प्रयास रहेगा. इसके साथ ही आयोग की ओर से करीब 14 हजार पदों के विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं और दिसंबर से पहले लगभग 8 हजार पदों के विज्ञापन और जारी करने की तैयारी है. इस तरह करीब 22 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया को अगले वर्ष पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. अभ्यर्थियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 079719-00047 जारी किया गया है, जिस पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है. 23 नवंबर से PST की समाप्ति तक मेडिकल बोर्ड भी गठित रहेगा.
प्रशासन अलर्ट, निष्पक्ष परीक्षा के लिए अधिकारी करेंगे नियमित निगरानी
वहीं जिला उपायुक्त आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि करनाल में इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाली इस शारीरिक परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुगम तरीके से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है. व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए एडीसी और एसडीएम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है. संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं और वह स्वयं भी पूरी प्रक्रिया पर नियमित नजर रखेंगे, ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके.
ये भी पढ़ें: 5 सेकेंड में 5 थप्पड़… चरखी दादरी में महिला कृषि अधिकारी से मारपीट का VIDEO VIRAL, दो महिलाओं पर केस
(करनाल से कमरजीत सिंह की रिपोर्ट)