App

वैकुंठ चतुर्दशी पर आज पलट जाएंगे पूजा के नियम, शिव को तुलसी और विष्णु को चढ़ेगा बेलपत्र क्यों?

वैकुंठ चतुर्दशी 23 नवंबर 2026 को यानी कि आज है. इस दिन भगवान विष्‍णु और भगवान शिव की साथ में पूजा की जाती है, साथ ही दोनों भगवान की पूजा के नियम भी सिर्फ इस एक दिन के लिए बदल जाते हैं.

वैकुंठ चतुर्दशी पर आज पलट जाएंगे पूजा के नियम, शिव को तुलसी और विष्णु को चढ़ेगा बेलपत्र क्यों?
Image Credit: वैकुंठ चतुर्दशी पर आज महादेव, भगवान विष्‍णु को सृष्टि का कार्यभार सौंपते हैं और इस मौके पर दोनों देवता एक-दूसरे की प्रिय चीजें स्‍वीकार करते हैं. (Photo:AI)

भगवान शिव को तुलसी अर्पित करना वर्जित है और भगवान विष्‍णु की पूजा तुलसी के बिना अधूरी है. वैसे ही महादेव को बेलपत्र चढ़ाया जाता है. ये नियम रोजाना पूजा-पाठ करने भक्‍तों को रटा हुआ है. लेकिन साल में एक दिन ऐसा आता है, जब पूजा के ये नियम पलट जाते हैं. जी हां, इस दिन भगवान विष्‍णु और भगवान शिव की साथ में पूजा की जाती है. श्रीहरि विष्‍णु को बेलपत्र और महादेव को तुलसी अर्पित की जाती है. यह दिन वैकुंठ चतुर्दशी का दिन होता है, जिसे हरि-हर मिलन कहते हैं. इस खास मौके पर उज्‍जैन के महाकालेश्‍वर मंदिर में हरि-हर मिलन की विशेष पूजा होती है.

शिव जी श्रीहरि को सौंपते हैं कार्यभार  

चातुर्मास के 4 महीनों में जब भगवान विष्‍णु पाताललोक में विश्राम करते हैं तो भगवान शिव सृष्टि का कार्यभार संभालते हैं. 4 महीने बाद देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्‍णु के जागने के बाद वैकुंठ चतुर्दशी के दिन ही भगवान शिव, भगवान विष्‍णु का कार्यभार सौंपते हैं. इसी दिव्‍य मिलन के दिन दोनों भगवान एक-दूसरे की सबसे प्रिय चीजें स्‍वीकारते हैं. जिसके चलते भगवान विष्‍णु को शिव जी का प्रिय बेलपत्र और महादेव को विष्‍णु जी की प्रिय तुलसी अर्पित की जाती है. यानी कि इस दिन भगवान विष्‍णु और भगवान शिव की पूजा का नियम बदल जाता है.

वैकुंठ चतुर्दशी 2026 पूजा मुहूर्त

द्रिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्‍ल चतुर्दशी यानी कि वैकुंठ चतुर्दशी तिथि 22 व 23 नवंबर की रात 02:36 बजे से शुरू होकर 23 नवंबर की रात 11:42 बजे तक रहेगी. वैकुंठ चतुर्दशी की पूजा रात को निशीथ काल में करने का महत्‍व है.  
वैकुंठ चतुर्दशी पूजा मुहूर्त : 23 नवंबर की देर रात 11:41 बजे से 12:35 बजे तक है. (करीब 54 मिनट का समय)

भगवान विष्‍णु को मिला था सुदर्शन चक्र

धार्मिक मान्‍यता है कि वैकुंठ चतुर्दशी के दिन ही भगवान विष्‍णु काशी में भगवान शिव का सहस्रनाम जाप करते हुए उन्हें एक हजार स्वर्ण कमल अर्पित कर रहे थे. तब शिव जी ने श्रीहरि की परीक्षा लेने के लिए एक कमल गायब कर दिया. ऐसे में पूजा के समापन पर जब एक कमल कम पड़ गया तो विष्‍णु जी ने शिव जी को कमल की जगह अपनी एक आंख अर्पित कर दी (भगवान विष्‍णु को कमलनयन वाला कहा जाता है).

विष्‍णु जी की यह अनन्‍य भक्ति देखकर शिव जी अत्‍यंत प्रसन्‍न हुए और उन्‍हें अमोघ 'सुदर्शन चक्र' प्रदान किया, जिसे कोई नहीं हरा सकता. साथ ही वरदान दिया कि कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी पर जो भक्त मेरी पूजा तुलसी से और आपकी पूजा बेलपत्र से करेगा, उसे दोनों लोकों के सुख और वैकुंठ की प्राप्ति होगी.

उज्‍जैन में होता है हरि-हर मिलन

वैकुंठ चतुर्दशी के खास मौके पर बाबा महाकाल की नगरी उज्‍जैन में हरि-हर मिलन का दिव्‍य नजारा भक्‍तों को देखने को मिलता है. इस दिन बाबा महाकाल की भव्‍य सवारी निकलती है और गोपाल मंदिर पहुंचती है. जहां गोपाल मंदिर के पुजारी भगवान शिव को तुलसी की माला पहनाते हैं और महाकालेश्‍वर मंदिर के पुजारी भगवान विष्‍णु को बेलपत्र की माला पहनाते हैं. इसी के साथ विष्‍णु जी एक बार फिर से सृष्टि के संचालन का कार्यभार संभाल लेते हैं.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More