App

बाड़मेर की बहू को लेने आई 'हेलीकॉप्टर वाली डोली', दूल्हे ने बोला- दुल्हन नहीं, किसी और का सपना था यह

बाड़मेर के लंगेरा गांव में जसवंत सिंह राजपुरोहित की दुल्हन सुमित्रा कंवर हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंचीं. परिवार ने दादा सवाई सिंह राजगुरु का 14 साल पुराना सपना पूरा किया और बहू को बेटी जैसा सम्मान देने का भावुक संदेश दिया.

बाड़मेर की बहू को लेने आई 'हेलीकॉप्टर वाली डोली', दूल्हे ने बोला- दुल्हन नहीं, किसी और का सपना था यह
Image Credit: 14 साल पहले चले गए दादा की आखिरी ख्वाहिश पूरी


पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक अनोखी शादी ने सामाजिक रिश्तों की खूबसूरत तस्वीर पेश की है. यहां एक दुल्हन सड़क मार्ग से नहीं, बल्कि हेलीकॉप्टर में बैठकर अपने ससुराल पहुंची. इस शाही अंदाज के पीछे केवल विवाह को यादगार बनाने की मंशा नहीं थी, बल्कि परिवार के बुजुर्ग की वर्षों पुरानी इच्छा और बहू को बेटी का दर्जा देने की भावनात्मक सोच भी जुड़ी थी.

21 नवंबर को बालोतरा जिले के जेठंतरी गांव से दुल्हन सुमित्रा कंवर हेलीकॉप्टर के जरिए बाड़मेर के लंगेरा गांव पहुंचीं. दूल्हे जसवंत सिंह राजपुरोहित की बारात पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराने पहुंची थी. विवाह के बाद जब विदाई का समय आया तो परिवार ने दूल्हा-दुल्हन को हेलीकॉप्टर से घर लाने की व्यवस्था की.

दादा सवाई सिंह राजगुरु का 14 साल पुराना सपना
इस पूरे आयोजन की सबसे खास वजह दूल्हे के दादा सवाई सिंह राजगुरु की इच्छा थी. उनकी ख्वाहिश थी कि परिवार में जब पहली बार बहू आए तो उसे हेलीकॉप्टर से घर लाया जाए. करीब 14 साल पहले दादा का निधन हो गया, लेकिन परिवार ने उनकी इस इच्छा को भुलाया नहीं.

21 नवंबर को जसवंत सिंह की शादी के बाद परिवार ने हेलीकॉप्टर से विदाई और ससुराल आगमन की व्यवस्था कर इस अधूरे सपने को पूरा किया. जेठंतरी से लंगेरा तक करीब 100 किलोमीटर की दूरी नवदंपती ने हवाई मार्ग से तय की. गांव में हेलीकॉप्टर उतरते ही उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए.

बहू नहीं, बेटी बनकर आई सुमित्रा
इस शादी का सबसे भावुक पहलू दूल्हे के पिता एडवोकेट रघु सिंह राजपुरोहित की सोच है. परिवार में तीन बेटे जसवंत सिंह, मेघराज और प्रेम सिंह हैं, लेकिन बेटी नहीं है. परिवार को हमेशा बेटी की कमी महसूस होती रही.

इसी भावना के चलते पिता ने अपनी पत्नी के साथ निर्णय लिया कि घर आने वाली बहू सुमित्रा कंवर को बेटी की तरह स्नेह और सम्मान दिया जाएगा. यहां तक कि हेलीकॉप्टर से विदाई की योजना भी दुल्हन से छिपाकर रखी गई थी.

पहली बार हेलीकॉप्टर में बैठकर ससुराल पहुंची सुमित्रा के लिए यह पल किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं था. परिवार का संदेश साफ था कि बेटी केवल जन्म देने से ही नहीं, बल्कि रिश्तों में अपनाने और सम्मान देने से भी बनती है.

रेगिस्तान में बदलती सामाजिक सोच की तस्वीर
बाड़मेर जैसे सीमावर्ती और ग्रामीण अंचल में इस तरह का आयोजन केवल शाही शादी या हेलीकॉप्टर की सवारी तक सीमित नहीं है. इसकी असली खूबसूरती उस सोच में है, जिसमें परिवार ने बहू के आगमन को बेटी के आगमन जैसा उत्सव बनाया.

बेशक, हेलीकॉप्टर से दुल्हन लाना आर्थिक सामर्थ्य का प्रदर्शन भी हो सकता है, लेकिन इस परिवार की कहानी में जो बात सबसे अधिक ध्यान खींचती है, वह है बहू को परिवार की बेटी के रूप में स्वीकार करने का संदेश. एक परिवार ने आसमान में हेलीकॉप्टर उड़ाया, लेकिन अपनी सोच से रिश्तों को जमीन पर और मजबूत कर दिया.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Durg Singh Rajpurohit

Durg Singh Rajpurohit

दुर्ग सिंह राजपुरोहित दो दशकों से अधिक के अनुभव वाले पत्रकार हैं. साल 2004 में दैनिक भास्कर से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद उन्होंने पंजाब केसरी, इंडिया न्यूज़ सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में बाड़मेर जिले की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. राजनीति, शासन-प्रशासन, सीमावर्ती राजस्थान और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. जमीनी पत्रकारिता, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और समसामयिक विषयों की गहरी समझ उनकी पेशेवर पहचान का प्रमुख आधार है.
Read More