)
राजस्थान के सवाईपुर क्षेत्र में दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सराहनीय पहल सामने आई है. ढ़ेलाणा गांव में शनिवार रात हुए विवाह समारोह में वर पक्ष ने तिलक की रस्म के दौरान मिली 5 लाख 51 हजार 101 रुपये की पूरी नकद राशि लौटाकर समाज को संदेश दिया. वर पक्ष ने शगुन के रूप में केवल 1 रुपया और एक नारियल स्वीकार किया. इस कदम की मेहमानों और ग्रामीणों ने प्रशंसा की.
देव कंवर और गजराज सिंह का विवाह संपन्न
जानकारी के अनुसार, ढ़ेलाणा निवासी भैरू सिंह पुरावत की सुपुत्री देव कंवर (पायल) का विवाह शनिवार रात अजमेर जिले के गड्डी अर्जुनपुरा निवासी कुंवर भंवर सिंह गौड़ के सुपुत्र गजराज सिंह के साथ संपन्न हुआ. विवाह समारोह में तिलक की रस्म के दौरान वधू पक्ष की ओर से भैरू सिंह पुरावत ने परंपरा के अनुसार 5 लाख 51 हजार 101 रुपये नकद भेंट किए.
वर पक्ष के कुंवर भंवर सिंह गौड़ और दूल्हे गजराज सिंह ने यह राशि स्वीकार नहीं की. उन्होंने वधू पक्ष का मान-सम्मान रखते हुए शगुन के तौर पर केवल 1 रुपया नकद और एक नारियल लिया. इसके बाद बाकी पूरी रकम भैरू सिंह पुरावत को ससम्मान लौटा दी.
दहेज और दिखावे की कुरीतियों पर कही बात
इस मौके पर दूल्हे के पिता भंवर सिंह गौड़ ने कहा कि समाज में दहेज और दिखावे जैसी कुरीतियां अब बंद होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्हें किसी धन-दौलत की लालसा नहीं है. उनके अनुसार, वे कन्या और कलश के रूप में साक्षात लक्ष्मी को अपने घर लेकर जा रहे हैं और यही उनके लिए सबसे बड़ा धन है.
मेहमानों और ग्रामीणों ने की पहल की सराहना
वर पक्ष के इस फैसले की विवाह समारोह में उपस्थित मेहमानों, ग्रामीणों और समाज के प्रबुद्धजनों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की. लोगों ने इसे दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में प्रेरणादायक उदाहरण माना.
ढ़ेलाणा गांव की यह पहल पूरे सवाईपुर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. तिलक की राशि लौटाकर केवल प्रतीकात्मक शगुन स्वीकार करने के फैसले ने विवाह समारोह को सामाजिक संदेश से जोड़ दिया. वर पक्ष ने संदेश दिया कि विवाह में धन-दौलत और दिखावे के बजाय रिश्ते और कन्या का सम्मान महत्वपूर्ण है. यह पहल मिसाल बनी.